Home » Breaking News » ‘हमारा तो ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है’, CJP के AAP कनेक्शन पर केजरीवाल ने क्या कहा?

‘हमारा तो ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है’, CJP के AAP कनेक्शन पर केजरीवाल ने क्या कहा?

CJP-AAP Connection: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं के आम आदमी पार्टी (AAP) से पुराने संबंधों को लेकर उठ रहे सवालों पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। एक पॉडकास्ट में केजरीवाल ने माना कि CJP से जुड़े अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका जैसे कुछ नेता पहले किसी समय आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। केजरीवाल ने इसे लेकर कहा कि AAP एक तरह का ‘ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ और ‘अकादमी’ है, जहां से कई लोग राजनीतिक प्रशिक्षण लेकर आगे नेता बनते हैं।

‘हमारा तो ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है’

पॉडकास्ट के दौरान केजरीवाल से पूछा गया कि क्या CJP के नेता उनके लोग हैं। इस पर उन्होंने कहा, “हमारा तो ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है, अकैडमी है। इस अकैडमी से बहुत से लोग ट्रेंड होकर जाते हैं और आगे जाकर नेता बनते हैं।” जब उनसे पूछा गया कि लोग आरोप लगा रहे हैं कि CJP के नेता उनके ‘बच्चे’ हैं और उन्होंने ही यह सब कराया है, तो केजरीवाल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा पत्रकार और भाजपा के लोग कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहस इस बात पर नहीं होनी चाहिए कि CJP से जुड़े लोग कभी AAP में थे या नहीं, बल्कि छात्रों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर होनी चाहिए।

CJP-AAP Connection: ‘मुद्दा यह नहीं कि मेरी पार्टी के थे’

अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के AAP से जुड़े होने के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि वे किसी न किसी समय पार्टी से जुड़े थे और उन्होंने इससे इनकार नहीं किया।केजरीवाल ने कहा, “थे किसी ना किसी टाइम। मैंने मना थोड़ी किया है। लेकिन मुद्दा यह नहीं है कि मेरी पार्टी के थे।” उन्होंने NEET परीक्षा और छात्रों के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक बहस को इस बात पर केंद्रित किया जाना चाहिए कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार कैसे हो और भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा न हों।

CJP को समर्थन देने की बात भी मानी

केजरीवाल ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने CJP का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि वह CJP के मंच पर गए थे और अभिजीत दीपके से मुलाकात भी की थी। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या CJP ने AAP से किसी तरह की मदद मांगी थी, तो केजरीवाल ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनसे कोई मदद नहीं मांगी गई थी।

CJP-AAP Connection: क्या अभिजीत दीपके फिर AAP में आएंगे?

अभिजीत दीपके के भविष्य में दोबारा आम आदमी पार्टी में शामिल होने की संभावना के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी दीपके से इस विषय पर कोई बातचीत नहीं हुई है और उन्हें नहीं पता कि उनके मन में क्या चल रहा है। CJP के नेताओं के पुराने AAP कनेक्शन को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बहस चल रही है। केजरीवाल के ताजा बयान से यह जरूर स्पष्ट हुआ है कि CJP से जुड़े कुछ प्रमुख चेहरे पहले आम आदमी पार्टी के साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, केजरीवाल ने CJP के गठन के पीछे AAP की भूमिका होने के आरोपों को स्वीकार नहीं किया।

ये भी पढ़े… एक छत के नीचे PM मोदी, अमित शाह, राहुल-सोनिया और अखिलेश, सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन में जुटे दिग्गज