Missing IIT Engineer: बेंगलुरु में अकेले ट्रेकिंग के लिए निकले 31 वर्षीय टेक प्रोफेशनल अद्वैत उपाध्याय पिछले पांच दिनों से लापता हैं। अब उनके जिंदा होने को लेकर चिंता बढ़ गई है। बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, ड्रोन से ली गई तस्वीरों में घने जंगल के बीच एक ऐसी चीज दिखाई दी है, जो इंसानी शरीर जैसी लग रही है। यह जगह वही बताई जा रही है, जहां से अद्वैत के लापता होने की आशंका है।हालांकि, पुलिस अभी यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि ड्रोन में दिखाई दी चीज अद्वैत का शव ही है या नहीं। तलाशी अभियान लगातार जारी है। अब तक सिर्फ उनका शोल्डर बैग और स्वेटर बरामद हुआ है।
7 अगस्त को ट्रेकिंग के लिए निकले थे
इंदौर के रहने वाले 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय 7 अगस्त, शुक्रवार को बेंगलुरु ग्रामीण इलाके की शिवगंगे पहाड़ी पर अकेले ट्रेकिंग करने गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है।अद्वैत IIT से पढ़े हुए हैं और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल के तौर पर काम करते हैं। वह व्हाइटफील्ड स्थित एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते हैं और कडुगोडी इलाके में रहते हैं।CCTV फुटेज में उन्हें सुबह करीब 7:30 बजे शिवगंगा पहुंचते और ट्रेकिंग शुरू करते हुए देखा गया था। माना जा रहा था कि वह दोपहर तक वापस लौट आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
तलहटी में मिली किराए की बाइक
शिवगंगे पहाड़ी जाने के लिए अद्वैत ने एक मोटरसाइकिल किराए पर ली थी। उनकी बाइक पहाड़ी की तलहटी में खड़ी मिली। हालांकि, उनके बारे में कोई ठोस जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।पुलिस ने उनके मोबाइल फोन का आखिरी सिग्नल कुनिगल रोड के कुदुरू इलाके में ट्रेस किया है। खास बात यह है कि यह जगह शिवगंगे के सामान्य ट्रेकिंग रूट से अलग है। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया।रविवार को चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान शांतला प्वाइंटर के पास अद्वैत का शोल्डर बैग और स्वेटर मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाश और तेज कर दी।
ड्रोन में दिखी इंसानी शरीर जैसी चीज
सर्च ऑपरेशन के दौरान ड्रोन से निगरानी कर रही टीम को खतरनाक शांतला ड्रॉप के नीचे घनी झाड़ियों में एक ऐसी चीज दिखाई दी, जो इंसानी शरीर जैसी लग रही है।फिलहाल बचाव दल उस स्थान तक पहुंच नहीं पाया है। इसलिए अभी यह कहना संभव नहीं है कि ड्रोन में दिखाई दी चीज अद्वैत का शव है या कुछ और।अद्वैत को खोजने के लिए पुलिस के साथ NDRF, SDRF और वन विभाग की टीमें भी जुटी हुई हैं। करीब 100 कर्मचारी इस बड़े तलाशी अभियान में शामिल हैं। पहाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में ड्रोन के साथ-साथ जमीन पर मौजूद टीमें भी लगातार सर्च कर रही हैं।
लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री से बढ़ी चिंता
पुलिस इस मामले में अलग-अलग संभावनाओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान अद्वैत के लैपटॉप की ब्राउजिंग हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है।पुलिस को कथित तौर पर लैपटॉप में शिवगंगा, शांतला ड्रॉप और बेंगलुरु के आसपास आत्महत्या से जुड़ी जगहों को लेकर कुछ सर्च हिस्ट्री मिली है। इससे उनका परिवार चिंतित है।जांच में यह भी सामने आया है कि अद्वैत ने AI से यह सवाल पूछा था कि ऊंचाई से खाई में गिरने पर किसी व्यक्ति की मौत कैसे हो सकती है।हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। उनकी तलाश लगातार जारी है।
मंगेतर को भेजी थी आखिरी फोटो
अद्वैत मूल रूप से इंदौर के रहने वाले हैं और फिलहाल बेंगलुरु के मैत्री लेआउट में रहते थे। पुलिस जांच के दौरान भोपाल की एक युवती का भी कनेक्शन सामने आया है। युवती ने पुलिस को बताया है कि वह अद्वैत की मंगेतर है।पुलिस ने अद्वैत के घर से उनका लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिए हैं।जांच में पता चला कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे अद्वैत ने अपनी मंगेतर प्राप्ति चौहान को वीडियो कॉल किया था। उन्होंने इस दौरान उन्हें एक फोटो भी भेजी थी। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे अद्वैत के मोबाइल से संपर्क टूट गया और शाम करीब 5 बजे उनका फोन पूरी तरह बंद हो गया।
पटना के पास छात्रा के लापता होने का मामला
इसी तरह की एक दूसरी घटना बिहार की राजधानी पटना के पास दानापुर से भी सामने आई है। केंद्रीय विद्यालय खगौल में पढ़ने वाली 10वीं कक्षा की एक छात्रा सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गई।छात्रा के लापता होने के बाद रेलवे ट्रैक पर उसकी स्कूल यूनिफॉर्म और बैग मिला है। इस घटना ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े- ‘मेरी नालायक औलाद’… हनी सिंह का कमेंट वायरल, समय रैना के सवाल ने बादशाह को घेरा








