Home » Breaking News » कॉकरोच, गंदगी और एक्सपायर्ड सामान! Blinkit का लाइसेंस सस्पेंड, FDA का बड़ा एक्शन

कॉकरोच, गंदगी और एक्सपायर्ड सामान! Blinkit का लाइसेंस सस्पेंड, FDA का बड़ा एक्शन

Blinkit Licence Suspend: महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने क्विक-कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट के संचालन से जुड़े एक प्रतिष्ठान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FDA के मुताबिक, मुंबई के मालाड स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में निरीक्षण के दौरान अस्वच्छता, कॉकरोच का प्रकोप, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण और एक्सपायर्ड पैकेज्ड सामान समेत कई गंभीर कमियां मिलीं। इसके बाद प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

7 अगस्त को किया गया था निरीक्षण

महाराष्ट्र FDA के बृहन्मुंबई विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 7 अगस्त 2026 को मालाड वेस्ट स्थित ब्लिंक कॉमर्स के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्टोरेज से जुड़े कई नियमों के उल्लंघन मिले। जांच में बड़ी संख्या में कॉकरोच का प्रकोप, जंग लगे रैक, फर्श पर रखे खाद्य पदार्थ और कोल्ड स्टोरेज की अपर्याप्त सफाई जैसी कमियां सामने आईं।

Blinkit Licence Suspend: एक्सपायर्ड और छेड़छाड़ किए गए पैकेज भी मिले

FDA के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कोल्ड रूम में एक्सपायर्ड, खराब और कथित तौर पर छेड़छाड़ किए गए पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का स्टॉक भी मिला। अधिकारियों ने बताया कि फल और सब्जियों के स्टॉक में भी बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा सामने आया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO/FEFO प्रणाली का पालन नहीं किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों को कई जगहों पर अव्यवस्थित तरीके से रखा गया था।

कीट नियंत्रण और साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल

निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के स्टोरेज और हैंडलिंग वाले स्थानों पर कीट एवं चूहों के प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था नहीं मिली। कचरा प्रबंधन, सफाई और रखरखाव में भी खामियां पाई गईं। FDA के मुताबिक, खाद्य पदार्थ संभालने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। आवश्यक व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षा उपकरणों की कमी भी सामने आई।

Blinkit Licence Suspend: अगले आदेश तक खाद्य कारोबार पर रोक

इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) और संबंधित लाइसेंस एवं पंजीकरण नियमों के तहत ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण या अन्य खाद्य कारोबार करने पर रोक रहेगी। FDA ने स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि में यदि प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार संचालित पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

FDA की कार्रवाई से क्विक-कॉमर्स कंपनियों पर बढ़ी निगरानी

इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के डार्क स्टोर और वेयरहाउस में खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई और एक्सपायरी प्रबंधन को लेकर निगरानी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। FDA की कार्रवाई यह भी रेखांकित करती है कि ऑनलाइन डिलीवरी के लिए इस्तेमाल होने वाले स्टोरेज सेंटर भी खाद्य सुरक्षा नियमों के दायरे में आते हैं।

ये भी पढ़े… केरल अब कहलाएगा ‘केरलम’! विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में नाम बदलने का बिल पास