Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक अहम जानकारी साझा की। उन्होंने पुष्टि की कि तुर्की में हाल ही में हुए एक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के दौरान सुरक्षा कारणों से उन्हें अपना विमान बदलना पड़ा था। ट्रंप ने बताया कि इस दौरान उन्होंने एयर फोर्स वन के बजाय दूसरे विमान से यात्रा की।ट्रंप ने कहा कि वह सुरक्षा से जुड़े मामलों में सीक्रेट सर्विस और अमेरिकी सेना की सलाह का पालन करते हैं। उनका यह बयान उस खबर के एक दिन बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि राष्ट्रपति ने कतर की ओर से मिले नए बोइंग 747-8 विमान का इस्तेमाल नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने पुराने एयर फोर्स वन से यात्रा की और बाद में गुप्त तरीके से छोटे C-32A विमान में चले गए।
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में क्या कहा गया?
पिछले महीने भी ऐसी खबरें सामने आई थीं कि ईरान से मिलने वाली धमकियों और सुरक्षा खतरे के कारण ट्रंप को कतर से मिले नए जेट की जगह पुराने बोइंग विमान का इस्तेमाल करना पड़ा था।हालांकि, वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में बताया गया कि राष्ट्रपति ने इसके बाद एक बार फिर अपना विमान बदला। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप को पुराने एयर फोर्स वन से गुप्त तरीके से बाहर निकाला गया और एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए उन्हें छोटे C-32A विमान तक पहुंचाया गया।
ट्रंप ने खुद दी जानकारी
विमान बदले जाने की खबर सामने आने के बाद व्हाइट हाउस या ट्रंप की ओर से पहले कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। अब ट्रंप ने खुद इस बात की पुष्टि कर दी है कि उनका विमान बदला गया था।ओहायो से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह सीक्रेट सर्विस और सेना की सलाह को मानते हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें दूसरी फ्लाइट या दूसरे विमान से जाने के लिए कहा था और उन्होंने उनकी बात मान ली।ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि उस समय कोई खतरा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने इसके बारे में ज्यादा जानकारी हासिल करने की कोशिश नहीं की, क्योंकि उन्हें अक्सर धमकियां मिलती रहती हैं।
‘शायद मैं सबसे अहम राष्ट्रपति हूं’
ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है, जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं होती।उन्होंने कहा कि एक “अहम राष्ट्रपति” को कई तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि जो राष्ट्रपति बहुत अहम नहीं होते, उन्हें इतनी धमकियां नहीं मिलतीं।इसी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि शायद वह अमेरिका के “सबसे अहम राष्ट्रपति” हैं।
यह भी पढ़े- तेलंगाना में दर्दनाक हादसा: टैंकर ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, 5 महिलाओं समेत 6 की मौत








