Yogi vs SP-Congress: संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता दी हैमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस इस क्षेत्र में फैली कथित अव्यवस्थाओं को दूर नहीं कर पाई। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चार बार सरकार बनाने के बावजूद वह भी इन समस्याओं का समाधान नहीं कर सकी।योगी ने कहा कि पहले पूर्वांचल के कई जिलों में बरसात आते ही लोगों के बीच डर का माहौल बन जाता था। संतकबीरनगर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा और बलरामपुर जैसे इलाकों में दिमागी बुखार को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी।कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पुराने दिनों की तस्वीर सामने रखी। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों से पहले प्रशासन को बेहद सतर्क रहना पड़ता था। मेहदावल, बखिरा और खलीलाबाद में भागदौड़ की स्थिति बनती थी। दुर्गापूजा के पंडाल लगाने से लेकर मूर्ति विसर्जन और रामनवमी की शोभायात्रा तक सुरक्षा की चिंता रहती थी।योगी ने कहा कि आज हालात बदल चुके हैं। अब लखनऊ में बैठकर भी यह देखा जा सकता है कि प्रदेश में पंडाल और आयोजन सुरक्षित हैं। उनके मुताबिक लोगों के मन से डर का माहौल काफी हद तक खत्म हुआ है।
684 करोड़ की 201 परियोजनाएं, संतकबीरनगर को बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने संतकबीरनगर में 684 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 201 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, त्योहारों की सुरक्षा और गरीबों के लिए चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने तामेश्वर नाथ धाम कॉरिडोर का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार के पास विकास के लिए बजट है, भगवान शिव में गहरी आस्था है और अपनी विरासत को सम्मान देने की सोच भी है।
Yogi vs SP-Congress: 95 हजार गरीब परिवारों को मिला पक्का घर
मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संतकबीरनगर में 95 हजार गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही करीब साढ़े तीन लाख घरों में शौचालय बनाए जाने का दावा किया गया।उन्होंने कहा कि किसानों के खातों में हर साल सम्मान निधि की राशि भेजी जा रही है। इसके अलावा बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों को नियमित पेंशन का लाभ भी दिया जा रहा है।
Yogi vs SP-Congress: 1.10 करोड़ परिवारों तक पहुंच रही पेंशन की मदद
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरे प्रदेश में करीब 1.10 करोड़ परिवार ऐसे हैं, जिन्हें पेंशन का सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है और किसी भी काम को पूरा करने के लिए सही नीयत और इच्छाशक्ति जरूरी होती है।संतकबीरनगर के मंच से मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर राजनीतिक हमला करने के साथ-साथ अपनी सरकार के विकास मॉडल को भी सामने रखा। उनका जोर साफ रहा कि कानून-व्यवस्था, गरीब कल्याण, बुनियादी सुविधाएं और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के विकास को साथ लेकर सरकार आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़े……. युवाओं के दम पर यूपी की नई दहाड़, योगी ने दिखाया विकास का बड़ा विजन








