Home » उत्तर प्रदेश » UP Youth Power: युवाओं के दम पर यूपी की नई दहाड़, योगी ने दिखाया विकास का बड़ा विजन

UP Youth Power: युवाओं के दम पर यूपी की नई दहाड़, योगी ने दिखाया विकास का बड़ा विजन

UP Youth Power: युवाओं के दम पर यूपी की नई दहाड़, योगी ने दिखाया विकास का बड़ा विजन

UP Youth Power: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश अब अपनी युवा शक्ति और प्रतिभा के दम पर तेजी से आगे बढ़ रही अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। गोरखपुर में एक मीडिया हाउस के कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं में प्रतिभा और मेहनत की कभी कमी नहीं रही, जरूरत थी तो उन्हें सही अवसर और मंच देने की।मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता मिली है। इसी दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले तीन वर्षों के भीतर उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ेगा।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर पहले प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का विकास में पूरा उपयोग नहीं हो सका तो इसकी वजह युवाओं की कमी नहीं, बल्कि वह व्यवस्था थी जो उनकी प्रतिभा को सही मंच उपलब्ध नहीं करा पा रही थी। अब सरकार युवाओं को अवसर और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है।

56 से 60 फीसदी युवा आबादी, यूपी की सबसे बड़ी ताकत बनी युवा शक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी युवा आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। प्रदेश की करीब 56 से 60 फीसदी आबादी युवा है। उनके अनुसार यह युवा शक्ति प्रतिभाशाली, ऊर्जावान और कुछ कर गुजरने का सामर्थ्य रखने वाली है। सरकार का प्रयास है कि इस ऊर्जा को शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाए।योगी ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आधुनिक तकनीक की स्किलिंग के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग स्तर पर काम किया जा रहा है।

UP Youth Power: AI से ड्रोन तक… युवाओं के हाथ में भविष्य की तकनीक!

सरकार की स्किलिंग योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित किए गए हैं। हर जिले में कम से कम दो आईटीआई को हब एंड स्पोक मॉडल पर आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम किया गया है।
इन केंद्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी आधुनिक तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि युवाओं को केवल प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र तक सीमित रखने के बजाय उन्हें रोजगार और करियर के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था भी की जा रही है।

UP Youth Power: नौकरी के पीछे ही नहीं भागेंगे युवा, अपना कारोबार भी खड़ा करेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा नौकरी के बजाय अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।उन्होंने कहा कि सही प्लेटफॉर्म और अवसर मिलने पर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। सरकार इसी क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, कौशल और स्वरोजगार के क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में सरकार की ओर से पांच नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी और मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय की स्थापना का भी उन्होंने उल्लेख किया।मुख्यमंत्री के अनुसार उच्च शिक्षा के इन संस्थानों से पूर्वांचल के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

युवा शक्ति बनेगी यूपी की असली ताकत

मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के करीब 1.36 लाख विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से बदलाव लाया गया है।उनके अनुसार स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार का असर बच्चों की उपस्थिति पर भी पड़ा है। ड्रॉपआउट रेट में भी कमी आने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ युवाओं और बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने पर सरकार का फोकस है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में साफ संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक रफ्तार को आगे बढ़ाने में युवा शक्ति की बड़ी भूमिका होगी। शिक्षा, कौशल, आधुनिक तकनीक, रोजगार और स्वरोजगार को एक साथ जोड़कर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।सरकार की रणनीति यही है कि प्रदेश की विशाल युवा आबादी केवल जनसंख्या का आंकड़ा न रहे, बल्कि वही युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक पहुंचाने की सबसे बड़ी ताकत बने।

यह भी पढ़ें………. मानसून सत्र के सिर्फ 2 दिन बाकी, हंगामे के बीच लोकसभा 2 बजे तक स्थगित: अमित शाह के बयान पर टिकी नजर