Breaking News
Home » राजनीति » संसद में चंदे की बोरी लेकर पहुंची सपा, ₹1.57 लाख जुटाए: अब कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में होगा जमा

संसद में चंदे की बोरी लेकर पहुंची सपा, ₹1.57 लाख जुटाए: अब कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में होगा जमा

राम मंदिर चंदे पर सपा का अनोखा प्रदर्शन

Ram Mandir Donation: संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन बुधवार को राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विपक्ष ने एक बार फिर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के सांसद चंदे से भरी बोरी और बैनर-पोस्टर लेकर संसद परिसर पहुंचे। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।सपा सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इस सरकार की एक खासियत रही है कि भ्रष्टाचार हर विभाग में गहराई तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सनातन की बात करती थी, लेकिन आस्था के नाम पर ही चोरी करने का काम किया गया।

अब तक जुटे 1.57 लाख रुपये

सपा सांसदों ने बताया कि राम मंदिर चंदे के मुद्दे को लेकर अब तक संसद में 1 लाख 57 हजार रुपये का चंदा जमा किया गया है। सांसदों के मुताबिक, संसद का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद यह रकम कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में जमा कराई जाएगी।प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और सांसदों ने चंदे की बोरी के साथ बैनर और पोस्टर भी दिखाए। इस दौरान ‘चंदा चोर’ और ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ जैसे नारे लगाए गए।विपक्षी दलों की मांग है कि संसद के अंदर इस पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। साथ ही, मंदिर के चंदे से जुड़े हिसाब-किताब में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे पहले मंगलवार को भी सपा सांसद संसद में दान पेटी लेकर पहुंचे थे और उसमें चंदा जमा किया था।

साधु के भेष में प्रदर्शन कर चुके हैं पप्पू यादव

इससे पहले 31 जुलाई को पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने भी संसद के बाहर अलग अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया था। वह साधु के भेष में दान पेटी लेकर संसद पहुंचे थे। उन्होंने प्रतीकात्मक तरीके से राम मंदिर में कथित घोटाले के आरोपों को अपने प्रदर्शन के जरिए सामने रखा। उस समय विपक्ष के कई अन्य सांसद भी उनके साथ मौजूद थे।दरअसल, राम मंदिर में कथित तौर पर चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले को लेकर विपक्ष लगातार संसद में चर्चा की मांग कर रहा है। इसी मुद्दे पर पप्पू यादव ने शुक्रवार को संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।

पप्पू यादव इस दौरान पूरी तरह भगवा कपड़ों में नजर आए और साधु का रूप धारण कर दान पेटी लेकर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान वह लोगों से चढ़ावा लेते हुए भी दिखाई दिए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी दान पेटी में चढ़ावा डालकर इस प्रदर्शन में भाग लिया। वहीं, विपक्ष के अन्य नेता पीछे खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारे लगाते नजर आए। इस प्रदर्शन का वीडियो भी सामने आया था।

विहिप ने भी की बड़ी तैयारी

वहीं, विश्व हिंदू परिषद ने विपक्ष के इस प्रदर्शन के खिलाफ देशभर में अभियान चलाने का फैसला किया है। संगठन के अनुसार, करीब साढ़े तीन लाख गांवों में साधु-संतों को भेजा जाएगा।विहिप का कहना है कि ये साधु-संत गांवों में जाकर लोगों को सांसद पप्पू यादव और विपक्षी नेताओं की ओर से किए गए प्रदर्शन के बारे में जानकारी देंगे। इस तरह राम मंदिर चंदे का मुद्दा अब संसद से बाहर भी राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बनता जा रहा है।

यह भी पढ़े- मानसून सत्र के सिर्फ 2 दिन बाकी, हंगामे के बीच लोकसभा 2 बजे तक स्थगित: अमित शाह के बयान पर टिकी नजर