Home » राष्ट्रीय » बारिश में स्कूल जाने की परेशानी, छात्रा की गुहार पर बनी सड़क; CM योगी तक पहुंची आवाज

बारिश में स्कूल जाने की परेशानी, छात्रा की गुहार पर बनी सड़क; CM योगी तक पहुंची आवाज

Aligarh Girl: छात्रा की सड़क बनाने की गुहार पर योगी का एक्शन

Aligarh Girl: अलीगढ़ में बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ से परेशान एक स्कूली छात्रा की शिकायत अब जमीन पर बदलाव का रूप ले रही है। छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्कूल जाने वाली सड़क की समस्या दूर कराने की अपील की थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंचा और अब संबंधित सड़क पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह मामला महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-24 स्थित देवसैनी मोहल्ले का है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती थी। साफ-सुथरी यूनिफॉर्म पहनकर घर से निकलने वाले बच्चों के कपड़े रास्ते में ही गंदे हो जाते थे।

छात्रा ने वीडियो बनाकर CM योगी से लगाई गुहार

परेशानी से जूझ रही एक छात्रा ने अपनी बात वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री तक पहुंचाई। वीडियो में बच्चों को जलभराव और कीचड़ से भरे रास्ते से स्कूल जाते हुए दिखाया गया। छात्रा ने बताया कि खराब सड़क के कारण रोजाना स्कूल पहुंचना मुश्किल हो रहा है। छात्रा की यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंच गई। इसके बाद समस्या का संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई।

Aligarh Girl: छात्रा की सड़क बनाने की गुहार पर योगी का एक्शन
                                                                                               वीडियो सीएम तक पहुँचने के बाद रोड़ बनना शुरू
Aligarh Girl: छोटी बच्ची की आवाज का बड़ा असर

इस मामले की खास बात यह रही कि शिकायत किसी राजनीतिक दल या संगठन की ओर से नहीं, बल्कि एक स्कूली छात्रा ने खुद उठाई। उसने अपनी रोजमर्रा की परेशानी को वीडियो के माध्यम से सामने रखा और उसकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंची। स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को अब सड़क बनने से राहत मिलने की उम्मीद है। जलभराव और कीचड़ से न केवल कपड़े खराब होते थे, बल्कि बच्चों के फिसलने और चोट लगने का खतरा भी बना रहता था।

सड़क निर्माण से बच्चों को मिलेगी राहत

स्कूल तक पहुंचने के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता भी बच्चों की शिक्षा का अहम हिस्सा है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद बच्चों को बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। अलीगढ़ का यह मामला दिखाता है कि स्थानीय समस्या को सही तरीके से सामने लाने पर प्रशासन तक आम लोगों की आवाज पहुंच सकती है। छात्रा की छोटी-सी पहल अब सड़क निर्माण के रूप में बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है।