Home » राष्ट्रीय » बुलेट ट्रेन के स्टेशनों ने पकड़ी रफ्तार, मुंबई के बीकेसी और सूरत से सामने आईं निर्माण की ताजा तस्वीरें

बुलेट ट्रेन के स्टेशनों ने पकड़ी रफ्तार, मुंबई के बीकेसी और सूरत से सामने आईं निर्माण की ताजा तस्वीरें

मुंबई-सूरत में बुलेट ट्रेन का काम तेज

Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, जिसे बुलेट ट्रेन परियोजना के नाम से जाना जाता है, के तहत मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और सूरत में बन रहे स्टेशनों का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। सूरत स्टेशन का अधिकांश निर्माण पूरा हो चुका है और इसके डिजाइन में शहर की प्रसिद्ध डायमंड इंडस्ट्री की झलक दिखाई देती है। वहीं, मुंबई के बीकेसी स्टेशन पर भी बड़े स्तर पर काम चल रहा है और इसे जल्द पूरा करने की दिशा में निर्माण तेज कर दिया गया है।

बीकेसी से शुरू होगा पूरा कॉरिडोर

मुंबई का बीकेसी स्टेशन 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन होगा। इस स्टेशन को जमीन से करीब 30 मीटर नीचे बनाया जा रहा है।यहां खुदाई और फाउंडेशन से जुड़ा काम अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। निर्माण स्थल पर भारी मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर खुदाई की जा रही है और भूमिगत ढांचे को तैयार करने का काम लगातार जारी है।

Bullet Train: मुंबई-सूरत में बुलेट ट्रेन का काम तेज
मुंबई-सूरत में बुलेट ट्रेन का काम तेज
सूरत स्टेशन लगभग तैयार

सूरत में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन का मुख्य ढांचा और छत का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल स्टेशन के अंदर इंटीरियर फिनिशिंग का काम किया जा रहा है।स्टेशन की वास्तुकला सूरत के मशहूर हीरा काटने और पॉलिश करने वाले उद्योग से प्रेरित है। अंदर सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म, छत और रेल ट्रैक से जुड़े काम भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। स्टेशन पर “सूरत” नाम का साइनबोर्ड भी लगा दिया गया है, जिससे इसका स्वरूप अब साफ दिखाई देने लगा है।

320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार

मुंबई से अहमदाबाद तक बनने वाले इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर ट्रेनें अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी।मुंबई और सूरत दोनों स्टेशनों पर निर्माण की मौजूदा गति को देखकर साफ है कि परियोजना लगातार आगे बढ़ रही है। इससे महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों में यह उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले समय में उन्हें बुलेट ट्रेन से यात्रा करने का अवसर मिल सकता है।

मुंबई-सूरत में बुलेट ट्रेन का काम तेज
मुंबई-सूरत में बुलेट ट्रेन का काम तेज
अगस्त 2027 में पहला चरण

रेल मंत्रालय ने बताया है कि बुलेट ट्रेन परियोजना के पहले चरण में सूरत से वापी के बीच ट्रेन सेवा अगस्त 2027 में शुरू करने की योजना है।मंत्रालय ने संसद की एक स्थायी समिति को यह भी जानकारी दी थी कि जापान में बनने वाली ई10 सीरीज शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों के निर्माण से संबंधित विस्तृत तकनीकी जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद भारत ने अपनी खुद की बुलेट ट्रेन विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की।भारत में तैयार की जा रही स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन को बी28 नाम दिया गया है। यह ट्रेन 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के लिए डिजाइन की जा रही है।इस पहल को भारत की हाई-स्पीड रेल तकनीक में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

सात नए हाई-स्पीड कॉरिडोर की घोषणा

केंद्र सरकार ने बजट 2026-27 में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा भी की है। इन प्रस्तावित मार्गों में मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं।इन नई परियोजनाओं के साथ देश में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को और अधिक विस्तार देने की योजना है, जबकि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का निर्माण तेजी से अपने महत्वपूर्ण चरणों की ओर बढ़ रहा है।

यह भी पढ़े- अटल जी की 8वीं पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, ‘सदैव अटल’ पहुंचकर PM मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि