Home » पश्चिम बंगाल » कोलकाता के होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत; 6 लोग अस्पताल में भर्ती

कोलकाता के होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत; 6 लोग अस्पताल में भर्ती

कोलकाता होटल अग्निकांड में 9 की मौत

Kolkata Hotel Fire: कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात एक होटल में भीषण आग लग गई। फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में हुए इस हादसे में एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं, छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।आग की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

करीब 2 बजे लगी आग

अग्निशमन विभाग के अनुसार, होटल में आग रात करीब दो बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास लगी। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि होटल से सबसे पहले धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद आग होटल से बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास फैल गई।घटना आधी रात के समय हुई, इसलिए होटल में ठहरे कई लोगों को आग लगने की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी। देखते ही देखते धुआं होटल के अंदर फैल गया और कई लोग वहीं फंस गए।

धुएं के कारण अंदर फंसे लोग

दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। बचाव के बाद नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।रिपोर्टों के मुताबिक, मरने वालों में बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल थे। बताया जा रहा है कि ये लोग इलाज कराने के लिए कोलकाता आए थे।

आग की वजह अभी साफ नहीं

होटल में आग किस वजह से लगी, इसे लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर एसी में खराबी या किसी तरह के धमाके को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है।पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और हादसे से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जांच की जा रही है।पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में होटल में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे ठीक दो दिन पहले, 17 अगस्त को बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल विदेशिनी में आग लग गई थी। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।

कोलकाता एयरपोर्ट पर भी लगी थी आग

इसके अलावा, 18 अगस्त की दोपहर कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम की दूसरी मंजिल पर भी आग लग गई थी। हालांकि, दमकलकर्मियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया था।लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने कोलकाता और पश्चिम बंगाल में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं के बाद होटल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड में 45 परीक्षाओं पर बड़ा एक्शन, 39 रद्द और 6 स्थगित, किन-किन एग्जाम पर गिरी गाज? देखें पूरी लिस्ट