Home » राष्ट्रीय » सत्ता वियोग की पीड़ा में डगमगाया राहुल गांधी का विवेक- जानिए डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने क्यों कहा ऐसा

सत्ता वियोग की पीड़ा में डगमगाया राहुल गांधी का विवेक- जानिए डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने क्यों कहा ऐसा

Keshav Maurya
Keshav Maurya(Photo Source: prabhat khabar)

Keshav Maurya: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया धरने और आंदोलनों में उनकी भूमिका को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया। केशव मौर्य ने कहा कि सत्ता से दूर होने की पीड़ा में राहुल गांधी का राजनीतिक विवेक डगमगा गया है और जनसेवा के बजाय कैमरों के सामने प्रदर्शन करना उनकी राजनीति की पहचान बन गई है। उन्होंने कहा कि केवल सहानुभूति का अभिनय करके जनता का जनादेश हासिल नहीं किया जा सकता।

थाने के बाहर तमाशा और कैमरों के सामने नौटंकी

केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस यह भूल गई है कि जनता केवल राजनीतिक प्रदर्शन के आधार पर अपना समर्थन नहीं देती। उनके मुताबिक छात्रों और किसानों के आंदोलनों की आड़ लेकर कांग्रेस अपनी कमजोर होती राजनीति को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के थाने के बाहर धरने का जिक्र करते हुए कहा कि जनसेवा से ज्यादा थाने के बाहर तमाशा और कैमरों के सामने नौटंकी उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गई है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आंदोलनों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।

Keshav Maurya: कांग्रेस शासित राज्यों में शुरू हो गई उल्टी गिनती

केशव मौर्य ने दावा किया कि कांग्रेस जिन राज्यों में सत्ता में है, वहां उसकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। वहीं जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता से बाहर है, वहां उसके लिए वापसी का रास्ता स्थायी रूप से बंद होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बीजेपी और एनडीए की डबल इंजन सरकारें विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के एजेंडे पर आगे बढ़ रही हैं। मौर्य ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर देशविरोधी ताकतों के एजेंडे को आंदोलनों का रूप देने का आरोप भी लगाया।

2047 तक नेता प्रतिपक्ष का पद भी हाथ से चला जाएगा

केशव मौर्य ने भविष्य को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इसी तरह की नकारात्मक राजनीति जारी रखती है तो 2047 में विकसित भारत का संकल्प पूरा होने तक कांग्रेस सत्ता से और दूर हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस के हाथ से नेता प्रतिपक्ष का पद भी जा सकता है, जो उसे काफी मुश्किल से मिला है। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस को यह सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए कि देश की जनता बीजेपी के साथ थी, आज भी बीजेपी के साथ है और राष्ट्र निर्माण की यात्रा में आगे भी बीजेपी का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल हाथ मलती रह जाएगी।

ये भी पढ़ें…राहुल गांधी के धरने के बाद FIR को तैयार दिल्ली पुलिस, पैलेट गन से आंख की रोशनी जाने का आरोप