Jailer 2 Song Controversy: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म ‘जेलर 2’ इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म का हाल ही में एक प्रमोशनल गाना रिलीज किया गया, जिसके बाद मेकर्स विवादों में घिर गए हैं। गाने की भाषा और उच्चारण को लेकर मलयालम बोलने वाले लोगों के एक वर्ग ने आपत्ति जताई है। दरअसल, मंगलवार को फिल्म का ‘अला बोलेलो’ नाम का 32 सेकंड का टीजर रिलीज किया गया। इसके सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने गाने में मलयालम भाषा के उच्चारण को लेकर सवाल उठाए।
Jailer 2 Song Controversy: ‘जेलर 2’ का गाना किसने लिखा-
‘जेलर 2’ के प्रमोशनल वीडियो ‘अला बोलेलो’ में अभिनेत्री शमना कासिम केरल की पारंपरिक ‘कासावु’ पोशाक में डांस करती नजर आती हैं। वहीं, गाने में सुपरस्टार रजनीकांत की भी झलक दिखाई गई है। इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल अरुणराजा कामराज ने लिखे हैं। गाने में मलयालम और तमिल भाषाओं का मिश्रण देखने को मिलता है। इसे निरंजना रमन, दीप्ति सुरेश और अपर्णा हरिकुमार ने अपनी आवाज दी है।
Jailer 2 Song Controversy: गाने के उच्चारण पर यूजर्स ने जताई नाराजगी-
गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इसके उच्चारण को लेकर नाराजगी जताई। मलयालम भाषा बोलने वाले लोगों का कहना है कि गाने में शब्दों का उच्चारण सही तरीके से नहीं किया गया है। कुछ यूजर्स ने यह भी दावा किया कि गाने के बोल इतने बिगड़े हुए हैं कि कई शब्दों को पहचानना मुश्किल हो रहा है। इसके बाद केरल के कई सोशल मीडिया यूजर्स ने मेकर्स से भाषा के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की।
मेकर्स की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं-
गाने को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बावजूद ‘जेलर 2’ के मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इस विवाद पर क्या सफाई देते हैं या गाने में किसी तरह का बदलाव किया जाता है।
यह भी पढ़े- सत्ता वियोग की पीड़ा में डगमगाया राहुल गांधी का विवेक- जानिए डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने क्यों कहा ऐसा








