Home » Andhra Pradesh » चिलकलूरिपेट में आधी रात दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आया 15 यात्रियों वाला ऑटो; 7 की मौत

चिलकलूरिपेट में आधी रात दर्दनाक हादसा, बस की चपेट में आया 15 यात्रियों वाला ऑटो; 7 की मौत

बस ने ऑटो को मारी टक्कर, 7 की मौत

Palnadu Bus Accident: आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक बस ने यात्रियों से भरे ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने हादसे की जानकारी दी है।

गलत दिशा में मुड़ा ऑटो

पुलिस के अनुसार, हादसा चिलकलूरिपेट मंडल के अड्डा रोड के पास हुआ। बस विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही थी। इसी दौरान 15 यात्रियों को लेकर जा रहा ऑटो-रिक्शा अचानक सड़क की गलत दिशा में मुड़ गया और बस के रास्ते में आ गया।उस समय बस करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। ऑटो के अचानक सामने आने के कारण बस और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

Palnadu Bus Accident: रात करीब 1 बजे हुआ हादसा

नरसारावपेट के डीएसपी एम. हनुमंत राव ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 1 बजे हुई। तिरुपति जाने वाली बस एक यात्री को लेने के लिए चिलकलूरिपेट के पास बाईपास पहुंची थी।यात्री को बस में बैठाने के बाद बस नरसारावपेट बस स्टैंड की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान कला मंदिर जंक्शन के पास बस की ऑटो-रिक्शा से टक्कर हो गई।

4 की मौके पर मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई।दुर्घटना में घायल हुए 6 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें…नेपाल की विनाशकारी बाढ़ में 165 मौतें, 1000 से ज्यादा लापता; 133 भारतीयों की तलाश, बिहार-यूपी में भी बढ़ा खतरा