Home » राष्ट्रीय » नेपाल में जल प्रलय का खौफनाक मंजर, बस्ती के रोशन ने सुनाई आपबीती; 9 साथियों की मौत

नेपाल में जल प्रलय का खौफनाक मंजर, बस्ती के रोशन ने सुनाई आपबीती; 9 साथियों की मौत

Nepal News

Nepal News: नेपाल के त्रिशूली क्षेत्र में आई अचानक विनाशकारी बाढ़ ने तबाही का ऐसा मंजर दिखाया, जिसे देखकर लोग सहम गए। बस्ती जिले के रहने वाले कुलदीप सिंह उर्फ रोशन सिंह इस जल प्रलय के प्रत्यक्षदर्शी हैं। रोशन के मुताबिक, अचानक पहाड़ से आए पानी के तेज सैलाब में उनके 9 साथियों की मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में मजदूरों के लापता होने की भी जानकारी सामने आ रही है।

अचानक आया पानी का सैलाब, भागकर बचाई जान

रोशन ने बताया कि बुधवार को त्रिशूली क्षेत्र में काम शुरू करने की तैयारी चल रही थी, तभी पहाड़ से अचानक पानी का तेज बहाव आया। प्रशासन की ओर से कुछ देर पहले अलर्ट जारी किया गया था, जिसके चलते कई लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए थे। लेकिन देखते ही देखते पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। त्रिशूली नदी से घिरे कस्बे में दोनों ओर से पानी घुसने के बाद पूरा इलाका तबाही के मंजर में बदल गया।

Nepal News: जिसे जहां रास्ता मिला, वहीं भागा

जल प्रलय के दौरान मजदूर अपनी जान बचाने के लिए पहाड़ों की ओर भागे। जिसे जहां रास्ता मिला, वह उसी तरफ निकल गया। इस दौरान पानी की ऊंची लहरों और तेज बहाव में कई लोग बह गए। रोशन के 9 साथियों की मलबे में दबने से मौत हो गई। इस हादसे ने रोशन को अपनों को खोने का गहरा दर्द दिया है। उन्हें रक्षाबंधन पर घर लौटकर बहनों से राखी बंधवाने की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने उनकी सारी योजनाएं बदल दीं।

कई मजदूर अब भी लापता

रोशन के मुताबिक, त्रिशूली में काम करने वाले कई मजदूरों की अभी तक कोई खबर नहीं है। कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं, जबकि कुछ टनल और जंगलों में मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ आने के समय कुछ युवा पुल पर खड़े हो वीडियो बना रहे थे। तेज बहाव और ऊंची लहरों की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई।

ये भी पढ़ें…चीनी की कीमतों में गिरावट शुरू, सितंबर से बदलेगा सप्लाई का तरीका