Anna Hazare Health: मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और वह नियमित रूप से खाना भी खा रहे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें अभी दो दिन और अस्पताल में रखा जाएगा।
Anna Hazare Health: गुर्दे में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती-
89 वर्षीय अन्ना हजारे को सोमवार रात दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनके खून की जांच में गुर्दे में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अहिल्यानगर से मुंबई लाया गया। अन्ना हजारे के करीबी सहयोगी दत्ता आवारी ने उनकी तबीयत से जुड़ी जानकारी दी थी। इससे पहले उनका इलाज अहिल्यानगर के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।
Anna Hazare Health: डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे दो दिन-
अस्पताल में डॉक्टर लगातार अन्ना हजारे की सेहत पर नजर रख रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वह सामान्य रूप से खाना खा रहे हैं। उनके सहयोगी के मुताबिक, डॉक्टर चाहते हैं कि अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले हजारे पूरी तरह स्वस्थ हो जाएं। इसके चलते उन्हें करीब दो दिन और चिकित्सीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें उनके गांव रालेगण सिद्धि ले जाने की तैयारी है।
फडणवीस ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल-
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार शाम मुंबई के अस्पताल पहुंचकर अन्ना हजारे से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। जल संसाधन मंत्री राधा-कृष्ण विखे पाटिल ने भी अस्पताल पहुंचकर हजारे से मुलाकात की।
भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों के लिए पहचान-
अन्ना हजारे देश में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनों के लिए जाने जाते हैं। सेना में सेवा देने के बाद उन्होंने सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है। हजारे ने गांवों के विकास, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई बड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया है। उनका पैतृक गांव रालेगण सिद्धि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में स्थित है।
यह भी पढ़े- पाकिस्तान टेस्ट टीम में बड़ा बदलाव, माइक हेसन बने नए हेड कोच; 5 साल में 11 बार बदला कोच








