Home » अंतर्राष्ट्रीय » नेपाल बाढ़ के 11वें दिन 2 लोग जिंदा मिले, 740 फीट लंबी सुरंग से चीनी नागरिक रेस्क्यू

नेपाल बाढ़ के 11वें दिन 2 लोग जिंदा मिले, 740 फीट लंबी सुरंग से चीनी नागरिक रेस्क्यू

Nepal Floods:

Nepal Floods: नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के 11वें दिन भी लापता लोगों की तलाश जारी है। इसी बीच शनिवार को राहत और बचाव दलों ने अलग-अलग अभियानों में एक चीनी नागरिक और 64 साल की नेपाली महिला को जिंदा बचा लिया। दोनों को सुरक्षित निकालने के बाद इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए ले जाया गया।

Nepal Floods: 10 दिन बाद मलबे में मिली 64 साल की महिला-

नुवाकोट में बचाव दल ने 64 साल की नेपाली महिला को उनके घर के मलबे से जिंदा बाहर निकाला। उनके घर का निचला हिस्सा मोटी कीचड़ की परत में दब गया था और वह उसी के अंदर फंस गई थीं। रेस्क्यू के बाद महिला को एयरलिफ्ट कर काठमांडू ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

Nepal Floods: 740 फीट लंबी सुरंग से चीनी नागरिक को निकाला-

दूसरे अभियान में नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया की रेस्क्यू टीम ने त्रिशूली-1 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से एक चीनी नागरिक को सुरक्षित बाहर निकाला। वह करीब 225 मीटर यानी 740 फीट लंबी सुरंग के अंदर फंसा हुआ था। बाहर निकालने के बाद उसकी स्वास्थ्य जांच की गई। रेस्क्यू के बाद उसे हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

275 भारतीय अभी भी लापता-

नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को भूस्खलन के बाद भीषण बाढ़ आई थी। इसके बाद से लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 169 भारतीयों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 275 भारतीय अभी भी लापता हैं। नेपाल में अब तक करीब 1,344 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 12 हजार लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। फिलहाल 5,300 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ से 32 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

12 हाइड्रो प्रोजेक्ट्स पर रेस्क्यू टीमों का फोकस-

बचाव अभियान में करीब 12 जलविद्युत परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले करीब 900 कर्मचारी अब भी लापता हैं। इनमें करीब 500 लोगों के बड़ी सुरंगों में फंसे होने की आशंका है। भारत, चीन, दक्षिण कोरिया और अमेरिका की रेस्क्यू टीमें मलबे और क्षतिग्रस्त ढांचों के बीच लोगों की तलाश कर रही हैं।

सुरंगों में फंसे लोगों के लिए समय अहम-

शुक्रवार को भी दो नेपाली मजदूरों को त्रिशूली नदी के पास एक हाइड्रो प्रोजेक्ट की सुरंग से जिंदा बाहर निकाला गया था। हालांकि, सुरंगों में फंसे लोगों के लिए समय तेजी से निकल रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, हर गुजरते दिन के साथ लोगों के जिंदा मिलने की संभावना कम होती जा रही है

यह भी पढ़े- भोपाल में कलियासोत डैम के 2 गेट खुले, श्योपुर में गुप्तेश्वर मंदिर डूबा; कई नदियां उफान पर