Nigeria oil theft: अफ्रीका के प्रमुख तेल उत्पादक देश नाइजीरिया से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रिवर्स राज्य में एक पोत से कच्चा तेल चुराने की कोशिश के दौरान जहरीली गैस का रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। स्थानीय अधिकार संगठन ‘यूथ एंड एनवायरनमेंटल एडवोकेसी सेंटर’ के मुताबिक, घटना गुरुवार को हुई।
Nigeria oil theft: तेल चोरी के दौरान अचानक हुआ गैस रिसाव-
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग अवैध तरीके से एक पोत से कच्चा तेल निकालकर अपनी नावों में भरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज दबाव के साथ भारी मात्रा में जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस का दबाव इतना ज्यादा था कि वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में 37 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
Nigeria oil theft: पुलिस ने मौतों की पुष्टि की, जांच जारी-
रिवर्स राज्य पुलिस ने शुक्रवार को घटना की पुष्टि की। पुलिस प्रवक्ता ब्लेसिंग अगाबे ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल लोग अवैध तरीके से कच्चा तेल चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
नाइजर डेल्टा में तेल चोरी बनी बड़ी समस्या-
नाइजीरिया के नाइजर डेल्टा क्षेत्र में पाइपलाइनों और जहाजों से अवैध रूप से तेल चोरी की घटनाएं आम हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यहां अक्सर आग, जहरीली गैस के रिसाव और अन्य जानलेवा हादसे होते रहते हैं। फिलहाल स्थानीय प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़े- SRCC के शताब्दी समारोह में बोले PM मोदी, ‘हर क्षेत्र में मचाई धूम’








