Nandigram Bypoll: चुनाव आयोग ने देश की छह खाली सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु की मदुरंतकम (SC) और धारापुरम (SC), पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी और असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों वाले जिलों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
Nandigram Bypoll: नंदीग्राम से चुनाव लड़ेंगी ममता बनर्जी-
चुनाव आयोग के ऐलान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चा नंदीग्राम सीट को लेकर हो रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी इस सीट से उपचुनाव लड़कर विधानसभा में वापसी करेंगी? नंदीग्राम सीट बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है। वहीं रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई।
Nandigram Bypoll: विधानसभा में वापसी की कोशिश-
ममता बनर्जी फिलहाल पश्चिम बंगाल विधानसभा की सदस्य नहीं हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आंकड़ों के मुताबिक, वह 15,105 वोटों से चुनाव हार गई थीं। ऐसे में नंदीग्राम उपचुनाव उनके लिए विधानसभा में वापसी का एक अहम रास्ता बन सकता है। हालांकि, टीएमसी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर यह घोषणा नहीं की गई है कि ममता बनर्जी उपचुनाव लड़ेंगी।
ममता के लिए क्यों खास है नंदीग्राम-
नंदीग्राम का ममता बनर्जी के राजनीतिक सफर में खास स्थान रहा है। साल 2007 में उन्होंने इलाके में केमिकल हब प्रोजेक्ट के खिलाफ हुए आंदोलन का नेतृत्व किया था। नंदीग्राम और सिंगूर आंदोलनों ने ममता की किसान नेता के तौर पर छवि को मजबूत किया था। इसके बाद 2011 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में 34 साल से चले आ रहे लेफ्ट फ्रंट के शासन को खत्म किया और ममता बनर्जी पहली बार राज्य की मुख्यमंत्री बनीं।
यही वजह है कि नंदीग्राम से संभावित चुनावी वापसी को ममता बनर्जी के राजनीतिक सफर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि टीएमसी प्रमुख इस उपचुनाव को लेकर क्या फैसला करती हैं।
यह भी पढ़े- Mirzapur The Movie ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, 4 दिनों में 100 करोड़ के पार








