Home » अंतर्राष्ट्रीय » BRICS Summit 2026: समिट से पहले पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से द्विपक्षीय बैठक

BRICS Summit 2026: समिट से पहले पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से द्विपक्षीय बैठक

PM Modi Iran Meeting:

PM Modi Iran Meeting: भारत की राजधानी दिल्ली में शनिवार से दो दिवसीय BRICS शिखर सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भारत इस मंच के जरिए दुनियाभर में बढ़ते व्यापारिक तनाव के बीच आर्थिक विकास को गति देने और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को मजबूती से सामने रखने की कोशिश कर रहा है। भारत की ओर से खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया जा रहा है। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शीर्ष नेता हिस्सा लेने वाले हैं।

PM Modi Iran Meeting: पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात-

BRICS शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

PM Modi Iran Meeting: पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात-

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच भी द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुख रह सकते हैं। भारत और रूस के बीच आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग-

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचेंगे। करीब सात साल बाद यह उनकी भारत की पहली यात्रा होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है। दोनों नेताओं के बीच सीमा विवाद, व्यापार, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

BRICS में कौन-कौन से देश शामिल हैं-

BRICS में वर्तमान में 11 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात भी BRICS का सदस्य है। मूल रूप से BRICS में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल थे। 2024 में इसका विस्तार हुआ और मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात तथा सऊदी अरब इसमें शामिल हुए। इंडोनेशिया 2025 में BRICS का सदस्य बना।

BRICS के पार्टनर देश-

पिछले साल बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम BRICS के साझेदार देश बने थे। BRICS Summit 2026 में आर्थिक सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर प्रमुख चर्चा होने की उम्मीद है

यह भी पढ़े- खून-पसीने की मेहनत से मकान बनाने का देखा था सपना, MCD की कार्रवाई से चूर हुआ सपना