Home » स्पोर्ट्स » एशिया कप 2027 के लिए नेपाल ने किया क्वालीफाई, फाइनल में UAE को 44 रन से हराया

एशिया कप 2027 के लिए नेपाल ने किया क्वालीफाई, फाइनल में UAE को 44 रन से हराया

Nepal Asia Cup 2027:

Nepal Asia Cup 2027: नेपाल क्रिकेट टीम ने 2027 एशिया कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नेपाल ने एसीसी मेंस प्रीमियर कप के फाइनल मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 44 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ नेपाल ने 2027 वनडे एशिया कप में अपनी जगह पक्की कर ली है। कुआलालंपुर में खेले गए खिताबी मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए। जवाब में UAE की टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। नेपाल की जीत के हीरो आसिफ शेख रहे, जिन्होंने शानदार शतक जड़ते हुए 102 रन की पारी खेली।

Nepal Asia Cup 2027: आसिफ शेख ने जड़ा शानदार शतक-

कुआलालंपुर के बयूमास ओवल में खेले गए फाइनल में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी की शुरुआत करने उतरे आसिफ शेख और अर्जुन कुमाल ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। अर्जुन कुमाल 63 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आसिफ शेख ने कप्तान रोहित पौडेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। आसिफ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंदों पर 102 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए। यह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में आसिफ शेख का दूसरा शतक है। नेपाल ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 313 रन बनाए, जो UAE के खिलाफ वनडे में उसका सबसे बड़ा स्कोर है।

Nepal Asia Cup 2027: करण केसी ने झटके 3 विकेट-

314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। स्टार बल्लेबाज राहुल चोपड़ा ने नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। राहुल चोपड़ा के अलावा तनिस सूरी ने 42 रन और कप्तान हरप्रीत भाटिया ने 33 रन बनाए। UAE की पूरी टीम 49.1 ओवर में 269 रन पर ऑलआउट हो गई। नेपाल की ओर से करण केसी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। ललित राजबंशी ने 2 विकेट लिए, जबकि संदीप लामिछाने, रोहित पौडेल, गुलसन झा, बशीर अहमद और दीपेंद्र सिंह ऐरी को 1-1 विकेट मिला।

नेपाल ने 2027 एशिया कप में बनाई जगह-

UAE के खिलाफ जीत के साथ नेपाल ने 2027 वनडे एशिया कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) द्वारा आयोजित मेंस प्रीमियर कप के विजेता को एशिया कप में जगह मिलती है। 2023 में भी नेपाल ने UAE को फाइनल में 7 विकेट से हराकर पहली बार एसीसी मेंस प्रीमियर कप का खिताब जीता था और एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया था। नेपाल के क्वालीफाई करने के बाद 2027 वनडे एशिया कप के लिए 6 टीमें पक्की हो गई हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। 2027 एशिया कप बांग्लादेश की मेजबानी में 18 जून से 4 जुलाई के बीच खेला जाएगा।

2027 वनडे एशिया कप की 6 टीमें-

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल 2027 वनडे एशिया कप में खेलते नजर आएंगे

यह भी पढ़े- EXPLAINER: कौन हैं रोहिणी घावरी? चंद्रशेखर आजाद से विवाद, भारत वापसी, सवर्ण समर्थन और यूपी चुनाव में संभावित भूमिका