Kangana Ranaut: एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने राखी सावंत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना और एक्ट्रेस-नेता स्मृति ईरानी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने राखी पर निशाना साधते हुए कहा कि असफल और कड़वाहट से भरे लोग अक्सर अपनी जलन, ईर्ष्या, नाकामी और अहंकार को सही साबित करने के लिए सफल महिलाओं के चरित्र पर सवाल उठाते हैं।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि सिर्फ राखी ही नहीं, बल्कि ऐसे कई असफल और कड़वाहट से भरे लोग सफल महिलाओं के चरित्र पर कीचड़ उछालते हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बार-बार और जानबूझकर किए जाने वाले ऐसे हमलों और सार्वजनिक चरित्र हनन को सहना बंद किया जाए। कंगना ने यह भी कहा कि महिलाओं को खुद को बेवजह अपमानित और आहत महसूस करना बंद करना चाहिए और हर बात पर सफाई देने की आदत भी छोड़ देनी चाहिए।
कंगना ने राखी की काबिलियत पर भी उठाए सवाल
कंगना ने आगे तंज करते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए कोई व्यक्ति अपना सब कुछ दांव पर लगा सकता है, लेकिन असली बात यह है कि किसी को उसकी जरूरत ही नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी के किए हुए सभी एहसान और सिफारिशें भी जोड़ ली जाएं, तब भी उसे स्वीपर की नौकरी तक नहीं मिलेगी, क्योंकि उस काम के लिए भी कुछ काबिलियत और प्रतिभा चाहिए।कंगना ने राखी को ज्यादा खुशफहमी में न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चाहे राखी किसी पर एहसान करें या न करें, वह कहीं नहीं पहुंचने वाली हैं। आखिर में कंगना ने तंज करते हुए कहा कि अब चुपचाप बैठें, उनकी रील्स देखें और रोते रहें।

Kangana Ranaut: क्या था राखी सावंत का बयान
राखी सावंत ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनोट और स्मृति ईरानी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मोहसिन खान के पॉडकास्ट एम.के.टॉक्स में बातचीत के दौरान राखी ने कहा था कि मोदी जी इधर-उधर क्यों देख रहे हैं और कंगना से उन्हें हड्डियों के अलावा और क्या मिलेगा।राखी ने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा था कि स्मृति ईरानी, कंगना और दूसरी महिलाओं ने उन्हें ऐसा क्या दिया कि उन्हें मंत्री बनाया गया। उन्होंने आगे कहा था कि जो कुछ उन महिलाओं ने प्रधानमंत्री को दिया है, वह भी उन्हें दे सकती हैं।
राखी को पहले भी करना पड़ा था आलोचना का सामना
राखी के इस बयान के बाद उन्हें कंगना, स्मृति ईरानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर आपत्तिजनक बातें कहने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा। कंगना और राखी के बीच पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से विवाद हो चुका है।इससे पहले राखी ने दिल्ली में हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लेकर कंगना की टिप्पणियों की आलोचना की थी। राखी ने एक वीडियो पोस्ट कर कंगना को ‘गटर माउथ’ यानी गंदी जुबान वाली भी कहा था।
Kangana Ranaut: कंगना ने दूसरे कलाकारों को भी दिया जवाब
कंगना ने राखी के साथ-साथ उन अन्य हस्तियों पर भी प्रतिक्रिया दी, जिन्होंने उनकी आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि वह रोज ऐसे लोगों को देखती हैं। कंगना ने आशुतोष राणा का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें कुत्ते की तरह भौंकने वाली बताया था।कंगना ने सोनू सूद का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने कंगना को तमीज सीखने की सलाह दी थी। वहीं, राखी सावंत पर कंगना ने अपने चरित्र को लेकर तरह-तरह की भद्दी बातें करने का आरोप लगाया।कंगना ने तापसी पन्नू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह लगातार उनके माता-पिता, उनकी परवरिश और उनके बैकग्राउंड का अपमान करती रहती हैं।
कंगना ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि अगर किसी ने उनकी सफलता का 1% भी हासिल नहीं किया है, तो उन्हें ऐसे लोगों के विचारों में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि ये लोग लगातार उन्हें बुरा-भला कहते रहते हैं और सिर्फ मीडिया का ध्यान खींचना चाहते हैं। कंगना ने चुनौती देते हुए कहा कि पहले उनके जैसा कुछ बनकर दिखाएं। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे लोग उन पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं हैं और वह उनकी बातें नहीं सुनेंगी।कंगना ने आगे कहा कि अब बहुत हो चुका है और वह केवल उन्हीं लोगों की बात सुनेंगी, जो उनसे ज्यादा सफल हैं।

कंगना और राखी का पुराना है विवाद
कंगना रनोट और राखी सावंत के बीच विवाद काफी पुराना है। दोनों के बीच पहली बार तब तकरार देखने को मिली थी, जब कंगना ने एक पुराने बयान में अपनी तुलना राखी सावंत से किए जाने पर आपत्ति जताई थी।दरअसल, उस समय कंगना से मीका सिंह के साथ किसिंग सीन को लेकर सवाल किया गया था। कथित तौर पर कंगना ने कहा था कि वह राखी सावंत नहीं हैं, जो इस तरह का सीन करेंगी। कंगना की यह बात राखी को बिल्कुल पसंद नहीं आई थी।इसके बाद राखी ने कंगना को जवाब देते हुए कहा था कि अगर कंगना को इतनी ही पब्लिसिटी चाहिए थी, तो वह मीका सिंह को किस कर लेतीं, लेकिन उनका नाम लेकर पब्लिसिटी लेने की जरूरत नहीं थी।
Kangana Ranaut: 2020 में भी दोनों के बीच हुई थी बयानबाजी
साल 2020 में कंगना और महाराष्ट्र सरकार के बीच विवाद के दौरान भी राखी सावंत ने कंगना पर निशाना साधा था। इसके बाद भी दोनों के बीच समय-समय पर बयानबाजी होती रही। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान भी राखी ने कंगना के बयानों की आलोचना की थी।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में नजर आई थीं राखी
राखी सावंत हाल ही में कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में भी नजर आई थीं। इस शो में उनके साथ एंटरप्रेन्योर अश्नीर ग्रोवर, कॉमेडियन कुशाग्र श्रीवास्तव और ‘द हैबिटैट’ के मालिक बलराज घई भी मौजूद थे।वहीं, कंगना रनोट आखिरी बार फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं।








