UP Government Jobs: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने के अंदर एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी। योगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले इस लक्ष्य को पूरा करने की तैयारी है।
UP Government Jobs: 19 सितंबर से शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया-
सीएम योगी ने कहा कि एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम 19 सितंबर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार इससे पहले साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। अगस्त में भी मुख्यमंत्री ने अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की थी।
UP Government Jobs: बिना भेदभाव नौकरी देने का दावा-
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को बिना भेदभाव के नौकरी मिले। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से नियुक्तियां करने की बात कही। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में TGT-PGT शिक्षकों की भर्ती के विज्ञापन जारी किए गए हैं और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 16 सितंबर को UP में शिक्षक भर्ती से जुड़ी नई भर्तियों की रिपोर्ट भी सामने आई है।
पिछली सरकारों पर सीएम योगी ने साधा निशाना-
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों में अनियमितता और सौदेबाजी की शिकायतें सामने आती थीं। योगी ने कहा कि उनकी सरकार में युवाओं को बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से रोजगार देने पर जोर दिया जा रहा है।
‘यूपी अब बीमारू राज्य नहीं’-
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की पहचान को लेकर संकट पैदा हुआ और राज्य को ‘बीमारू’ कहा जाने लगा था। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश इस स्थिति से बाहर निकल चुका है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी बोले CM-
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर सरकार का जोर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं और व्यापारियों समेत आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
यह भी पढ़े- नेपाल में दो बार कांपी धरती, 4.5 और 4.2 तीव्रता के भूकंप से मचा हड़कंप









