ABVP DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार मुख्य पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल कर बड़ा उलटफेर किया है।
ABVP DUSU Election 2026: यश डबास ने अध्यक्ष पद पर दर्ज की जीत-
DUSU के अध्यक्ष पद पर ABVP के उम्मीदवार यश डबास ने जीत दर्ज की। मतगणना के अंतिम राउंड के बाद उन्हें कुल 24,576 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के विजय शंकर मीणा को हराया, जिन्हें 22,523 वोट मिले। दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला करीबी रहा, लेकिन अंतिम राउंड में यश डबास ने बढ़त बनाए रखते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया।
ABVP DUSU Election 2026: जीत के बाद यश डबास ने क्या कहा-
जीत के बाद यश डबास ने छात्रों और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद और संगठन की सामूहिक ताकत की जीत है। यश डबास ने दावा किया कि पंजाब यूनिवर्सिटी से लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी तक छात्रों ने उनकी जीत के लिए मेहनत की। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी विद्यार्थी परिषद ने 3-1 से जीत दर्ज की है।
हॉस्टल और PG का सेफ्टी ऑडिट होगी पहली प्राथमिकता-
नवनिर्वाचित अध्यक्ष यश डबास ने छात्रों की सुरक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने सत्य निकेतन में हुए हालिया हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए हर कॉलेज, हॉस्टल और PG का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा।
सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP की जीत-
अध्यक्ष पद के अलावा ABVP ने सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी जीत दर्ज की।
सचिव पद: ABVP की रिया छाबड़ी ने जीत हासिल की।
संयुक्त सचिव पद: ABVP के लक्ष्यराज ने संयुक्त सचिव पद अपने नाम किया।
इस तरह ABVP ने DUSU के चार प्रमुख पदों में से तीन पर कब्जा जमाया।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की बड़ी जीत-
चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर उपाध्यक्ष पद पर देखने को मिला। निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। दीपांशु शौकीन को कुल 30,634 वोट मिले। उन्होंने कड़े मुकाबले के बीच बड़ी जीत हासिल की और छात्र संगठनों के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया।
3-1 के नतीजे के बाद कैंपस में जश्न-
DUSU चुनाव में चार में से तीन पद जीतने के बाद ABVP समर्थकों में जश्न का माहौल है। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन की जीत ने चुनाव के नतीजों को और दिलचस्प बना दिया है। नतीजों की घोषणा के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्र ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते और गुलाल उड़ाते नजर आए।
यह भी पढ़े- कौन हैं विशेष यादव, जो DUSU चुनाव में बिखेर रहे जलवा; अखिलेश यादव की छात्र सभा का मिला समर्थन









