Kejriwal SIR Notice: दिल्ली में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 प्रक्रिया के तहत आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उनके परिवार के चार सदस्यों को नोटिस जारी किया गया है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, ये नोटिस मतदाता सूची में सत्यापन और मैपिंग से जुड़ी प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
Kejriwal SIR Notice: केजरीवाल परिवार के पांच सदस्यों को नोटिस-
नोटिस पाने वालों में अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, बेटे पुलकित केजरीवाल और उनके माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल व गीता देवी शामिल हैं। ये सभी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मतदाता हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल परिवार के नाम ‘Unmapped with Last SIR’ श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के एक पार्ट में कुल 110 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।
Kejriwal SIR Notice: नवंबर में जारी होगी अंतिम मतदाता सूची-
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि केजरीवाल परिवार के नाम अंतिम रूप से मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। अधिकारी के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे। दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित होनी है।
AAP ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल-
मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर सवाल किया कि तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से संबंधित सत्यापन प्रक्रिया में क्यों आए हैं। AAP ने इसे लेकर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगा है।
रेखा गुप्ता को भी जारी हुआ था नोटिस-
SIR प्रक्रिया के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नाम भी एक अलग तरह की ‘Logical Discrepancy’ के तहत चिह्नित किया गया था। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनकी मतदाता प्रविष्टि को वैध कर दिया गया है।
दिल्ली में 47 लाख से ज्यादा नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर-
31 अगस्त को जारी दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 47.6 लाख नाम शामिल नहीं थे। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इनमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं से जुड़े मामले शामिल हैं। प्रभावित मतदाता 30 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
यह भी पढ़े- यूपी में बाढ़, बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान पर सरकार सख्त, 6 महीने में बांटे 250 करोड़ रुपये









