SP Congress Alliance: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टियां चुनावी रणनीति बनाने के साथ प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। दोनों दलों के नेताओं की ओर से लगातार एक-दूसरे को जवाब दिया जा रहा है। अब समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कांग्रेस नेताओं को बयानबाजी पर संयम रखने की सलाह दी है और कहा है कि अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
SP Congress Alliance: क्यों बढ़ा विवाद?
पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद उत्तर प्रदेश में सीटों के बंटवारे को जल्द तय करने की बात कह रहे हैं। उनका कहना था कि अखिलेश यादव को समझना चाहिए कि समय निकल रहा है और अगर दोनों दलों को गठबंधन के साथ चुनाव लड़ना है तो सीटों पर जल्द फैसला होना चाहिए। इसके बाद समाजवादी पार्टी की ओर से इमरान मसूद के बयानों का जवाब दिया गया। पहले सपा सांसद इकरा हसन ने मोर्चा संभाला और अब सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है।
कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी- इकरा
इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने की स्थिति में अखिलेश यादव के अलावा कोई और नहीं है। उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि उसे किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।इकरा हसन ने कहा, “मुझे लगता है कि अगर उत्तर प्रदेश में कोई व्यक्ति ऐसा है जो भाजपा को हरा सकता है तो वो सिर्फ अखिलेश यादव जी हैं। कांग्रेस अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी। गठबंधन रहा तो बहुत अच्छा रहेगा नहीं रहा तो ये उनके लिए नुकसान है, हमारे लिए नहीं।”

SP Congress Alliance: अखिलेश सीएम बनने जा रहे हैं- धर्मेंद्र यादव
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कांग्रेस के नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने नेताओं को समझाना चाहिए कि उन्हें क्या बोलना है और क्या नहीं। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में राहुल गांधी और अखिलेश यादव के साथ आने से इंडिया गठबंधन को बड़ी सफलता मिली थी।धर्मेंद्र यादव ने कहा, “कांग्रेस पार्टी को समझना चाहिए कि उनके नेताओं को क्या बयान देना है, क्या नहीं देना है। हमें यकीन है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मिलने से इंडिया अलायंस को ऐतिहासिक सफलता मिली 2024 के चुनाव में, 2027 के चुनाव में उससे भी बड़ी सफलता मिलने जा रही है। और प्रचंड बहुमत से अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। इसमें किसी को कोई शंका नहीं होनी चाहिए और जिनको शंका हो रही है वो इंतजार करें।”
इमरान मसूद ने TMC का उदाहरण दिया
सपा नेताओं की ओर से आए बयानों के बाद इमरान मसूद ने एक बार फिर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम का उदाहरण देते हुए सपा को जवाब दिया।इमरान मसूद ने कहा, “देखिए कौन क्या कह रहा है, कौन क्या नहीं कह रहा है? टीएमसी के लोग भी बहुत कह रहे थे। हश्र देख लीजिए बंगाल में क्या हुआ। साथ मिलकर चलिए सुकून में रहेंगे।”









