Flydubai Flight Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार सुबह कॉकपिट के अंदर दोनों पायलटों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान ओमानी पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद विमान अचानक तेजी से नीचे जाने लगा।ऐसे मुश्किल समय में यात्री यानिव हायून ने हमलावर पायलट को काबू करने और विमान को संभालने में मदद की। खास बात यह रही कि हायून के पास विमान उड़ाने की कोई ट्रेनिंग नहीं थी। उन्होंने एक टीवी शो देखकर विमान के कंट्रोल से जुड़ी कुछ जानकारी हासिल की थी।घटना के बाद हायून खून से सने कपड़ों में ही इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने पहुंचे। प्रधानमंत्री ने उनके साहस की तारीफ करते हुए उन्हें हीरो बताया।
Flydubai Flight Attack: कॉकपिट से चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे यात्री
यानिव हायून ने इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को बताया कि उन्हें कॉकपिट के अंदर से चीखने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद वह एक अन्य यात्री के साथ कॉकपिट की ओर गए।अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि भारतीय कप्तान स्मित मच्छर घायल अवस्था में जमीन पर पड़े थे। वहीं हमलावर पायलट विमान को उड़ाने की कोशिश कर रहा था।हायून के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था। इसके बाद बाहर मौजूद यात्री अंदर पहुंच सके।हायून ने हमलावर पायलट को पकड़कर कंट्रोल पैनल से दूर खींच लिया और उसे कॉकपिट से बाहर किया। इसके बाद उन्होंने अन्य यात्रियों से मदद मांगी। तीन यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया और हेडफोन की तार से उसके हाथ बांध दिए।

हमलावर के पकड़े जाने के बाद फिर नीचे जाने लगा विमान
हमलावर को काबू करने के बाद हायून दोबारा कॉकपिट में पहुंचे। उस समय विमान तेजी से नीचे जा रहा था। कुछ ही समय में विमान करीब 16,000 फीट नीचे आ गया। उस वक्त विमान की स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।इसके बाद हायून ने विमान के कंट्रोल अपने हाथ में लिए और उन्हें पीछे की ओर खींचा। इससे विमान की नोज ऊपर उठने लगी और उसकी स्थिति कुछ हद तक संभल गई।बाद में हायून ने बताया कि उन्हें यह जानकारी ‘एयर डिजास्टर्स’ नाम के टीवी शो से मिली थी। यह शो विमान हादसों और उनसे जुड़े मामलों पर आधारित है। हायून ने बताया कि उन्होंने शो में देखा था कि अगर विमान तेजी से नीचे जाने लगे तो कंट्रोल को पीछे की ओर खींचना होता है।
Flydubai Flight Attack: घायल पायलट का विमान में ही किया गया इलाज
हायून ने कुछ समय तक विमान को संभाले रखा। इसके बाद विमान में मौजूद फ्लाईदुबई के एक रिजर्व क्रू सदस्य ने विमान का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से तबूक में उतारा गया।हमले में घायल कैप्टन स्मित मच्छर को तबूक पहुंचने के बाद अस्पताल ले जाया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार, स्मित मच्छर तबूक के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

ओमानी सह-पायलट गिरफ्तार, जांच जारी
सऊदी अधिकारियों ने हमले के आरोपी ओमानी सह-पायलट को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसने भारतीय पायलट पर हमला क्यों किया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।फ्लाईदुबई ने कहा कि उड़ान के दौरान कॉकपिट में यह घटना हुई और विमान को सुरक्षित रूप से तबूक में उतार लिया गया। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले घटना के कारण या हमले के मकसद को लेकर किसी तरह की अटकल न लगाई जाए।इजराइली अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इजराइल ने पायलटों की सुरक्षा जांच को और सख्त करने की बात कही है।
ये भी पढ़े…यूपी में PDA का नया सियासी दांव, अखिलेश के फॉर्मूले में कितना दम? समझिए पूरा गणित









