Home » बिज़नेस » UPI पेमेंट पर दिवाली तक राहत, ₹2,000 से ज्यादा के भुगतान पर MDR टला

UPI पेमेंट पर दिवाली तक राहत, ₹2,000 से ज्यादा के भुगतान पर MDR टला

UPI MDR Charges:

UPI MDR Charges: UPI से भुगतान करने वाले व्यापारियों और ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर लगने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को दिवाली तक टाल दिया है। यह चार्ज पहले 15 अक्टूबर से लागू होने वाला था। अब इसे त्योहारों के बाद लागू किया जाएगा। इस फैसले से त्योहारी सीजन में कारोबारियों को राहत मिलेगी।

UPI MDR Charges: दिवाली तक क्यों टाला गया MDR चार्ज-

दुर्गा पूजा और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। इस दौरान ग्राहक नकद के बजाय UPI के जरिए भी बड़ी संख्या में भुगतान करते हैं। ऐसे में व्यापारियों ने नए चार्ज को त्योहारों के बाद लागू करने की मांग की थी। NPCI ने व्यापारियों की मांग और त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) UPI ट्रांजैक्शन पर MDR लागू करने का फैसला टाल दिया है। इससे व्यापारियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त शुल्क से राहत मिलेगी।

UPI MDR Charges: क्या है UPI-MDR चार्ज का नियम-

MDR यानी मर्चेंट डिस्काउंट रेट वह शुल्क है, जो डिजिटल भुगतान स्वीकार करने वाले व्यापारियों के लेनदेन पर लगाया जाता है। प्रस्तावित नियम के अनुसार, ₹2,000 से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत MDR चार्ज लागू होगा। उदाहरण के लिए, अगर कोई ग्राहक किसी दुकानदार को ₹3,000 का UPI भुगतान करता है, तो 0.4 प्रतिशत की दर से ₹12 का MDR चार्ज बनेगा।

₹75,000 के भुगतान पर अधिकतम ₹300 शुल्क-

प्रस्तावित नियम के तहत MDR चार्ज की अधिकतम सीमा भी तय की गई है। ₹75,000 के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत के हिसाब से ₹300 शुल्क बनेगा। इससे अधिक राशि के भुगतान पर भी अधिकतम MDR चार्ज ₹300 ही रहेगा। उदाहरण के तौर पर, ₹1 लाख के भुगतान पर शुल्क ₹400 नहीं, बल्कि अधिकतम ₹300 होगा। इसी तरह ₹2 लाख के भुगतान पर भी अधिकतम शुल्क ₹300 ही रहेगा।

आम लोगों के बीच UPI पेमेंट पर नहीं लगेगा चार्ज-

आम लोगों के बीच होने वाले UPI ट्रांजैक्शन यानी पर्सन-टू-पर्सन (P2P) भुगतान पर कोई MDR चार्ज नहीं लगेगा। यह व्यवस्था पहले की तरह जीरो MDR पर जारी रहेगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि MDR से जुड़ा प्रस्ताव चुनिंदा मर्चेंट ट्रांजैक्शन के लिए है। इसे सभी UPI भुगतानों पर लागू होने वाला चार्ज नहीं समझना चाहिए। NPCI के फैसले के अनुसार, संबंधित शुल्क दिवाली के बाद लागू किया जाएगा।

यह भी पढ़े- दुकानदारों की हुई बल्ले-बल्ले! 15 अक्टूबर से UPI पर MDR चार्ज नहीं, सरकार ने दी बड़ी राहत