Ram Mandir Darshan: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब सुगम दर्शन पास के लिए 90 दिन पहले तक आवेदन किया जा सकेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन पास का दैनिक कोटा बढ़ाकर 2,000 कर दिया गया है। पहले एडवांस बुकिंग की अवधि 15 दिन थी। नई व्यवस्था में पास के सत्यापन और चरणबद्ध तरीके से बुकिंग जारी करने का प्रावधान भी शामिल है। आइए जानते हैं कि ऑनलाइन दर्शन पास कैसे बुक करें और किन नियमों का ध्यान रखना जरूरी है।
अब 90 दिन पहले कर सकेंगे बुकिंग
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए फैसले के मुताबिक, श्रद्धालु सुगम दर्शन पास के लिए अपनी यात्रा की तारीख से 90 दिन पहले तक आवेदन कर सकेंगे। पहले यह सुविधा केवल 15 दिन पहले तक उपलब्ध थी। इस बदलाव से दूसरे शहरों और राज्यों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की तैयारी पहले से कर सकेंगे।
Ram Mandir Darshan: रोजाना मिलेंगे 2,000 ऑनलाइन पास
ऑनलाइन सुगम दर्शन पास का दैनिक कोटा बढ़ाकर 2,000 कर दिया गया है। पहले यह संख्या 975 थी। ट्रस्ट के अनुसार, मांग के आधार पर भविष्य में इस संख्या को और बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, किसी विशेष तारीख पर पास मिलना उपलब्धता और निर्धारित व्यवस्था पर निर्भर करेगा।
ऑनलाइन दर्शन पास कैसे बुक करें?
श्रद्धालु ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट https://online.srjbtkshetra.org पर जाकर बुकिंग संबंधी विकल्प देख सकते हैं। वहां उपलब्ध सुगम दर्शन पास का विकल्प चुनें, मोबाइल नंबर या ईमेल के माध्यम से लॉगिन करें और मांगी गई जानकारी भरें। इसके बाद उपलब्ध तारीख और दर्शन स्लॉट चुनकर आवेदन जमा करें। नई व्यवस्था के तहत आवेदन का सत्यापन भी किया जाएगा, इसलिए आवेदन जमा होते ही पास की पुष्टि मानकर न चलें।
Ram Mandir Darshan: बुकिंग कितने चरणों में होगी?
नई व्यवस्था के तहत सुगम दर्शन पास सात चरणों में जारी किए जाएंगे। ये चरण दर्शन की तारीख से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले होंगे। इसके अलावा उसी दिन के लिए तत्काल पास का अलग प्रावधान भी रखा गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामान्य एडवांस बुकिंग के आवेदकों को आमतौर पर 24 से 48 घंटे में जानकारी देने की व्यवस्था बताई गई है।
दर्शन पास के लिए जरूरी नियम
ट्रस्ट के अनुसार, सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क है। श्रद्धालुओं को पास बनवाने के लिए किसी एजेंट या बिचौलिए को पैसे देने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद पास की पुष्टि और संबंधित निर्देश आधिकारिक पोर्टल पर जांचें। साथ ही, पहचान संबंधी जानकारी सही भरें और यात्रा से पहले बुकिंग की स्थिति देख लें। ध्यान रहे कि आवेदन जमा करना पास मिलने की गारंटी नहीं है।
ये भी पढ़ें…टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग क्यों हुई? सलमान खान कनेक्शन और लॉरेंस गैंग के दावे की पूरी हकीकत








