Actress Twisha Sharma Death: भोपाल की एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में नया विवाद सामने आया है। एम्स भोपाल की शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर कई चोटों के निशान होने की बात कही गई है। इसके बाद परिवार ने शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई है। वहीं दूसरी ओर, ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह और उनके वकील इनोश जार्ज कार्लो ने इस रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए हैं।
उनका कहना है कि रिपोर्ट को सनसनी फैलाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। रिपोर्ट में केवल चोटों का जिक्र किया गया है, लेकिन यह साफ नहीं बताया गया कि चोटें शरीर के किस हिस्से पर थीं और कितनी थीं। उन्होंने कहा कि अगर दोबारा पोस्टमॉर्टम या किसी अन्य एजेंसी से जांच होती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और वे पूरी तरह सहयोग करेंगे।

पुलिस जांच में लापरवाही के आरोप
इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, जिस बेल्ट से फांसी लगाने की बात कही गई थी, वह पोस्टमॉर्टम के समय एम्स भोपाल में मौजूद ही नहीं थी। जांच अधिकारी बेल्ट को समय पर अस्पताल नहीं ले गए थे।
बाद में बेल्ट जांच के लिए जमा कराई गई, लेकिन तब तक डॉक्टर कथित फांसी के साधन और गर्दन पर बने निशानों का सही तरीके से वैज्ञानिक परीक्षण नहीं कर पाए। इसी वजह से जांच अधूरी मानी जा रही है।
परिवार ने दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग की
रिटायर्ड जिला जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत की जांच अब विवादों में घिर गई है। पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया में हुई गलती के बाद ट्विशा के परिवार ने मांग की है कि मामले की जांच मध्य प्रदेश के बाहर किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की भी मांग की गई है।
परिजनों का कहना है कि बेल्ट उपलब्ध नहीं होने की वजह से डॉक्टर यह तय नहीं कर सके कि फांसी वास्तव में किस चीज से लगाई गई थी। गर्दन पर बने निशानों का सही मिलान और माप भी नहीं हो पाया। यही कारण है कि मौत के आठ दिन बाद भी परिवार ने शव लेने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।

पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत खारिज
इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भोपाल कोर्ट ने सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।एसीपी रजनीश कश्यप कौल ने बताया कि फांसी में इस्तेमाल की गई बेल्ट पुलिस ने जब्त कर ली थी, लेकिन उसे पोस्टमॉर्टम के समय एम्स नहीं भेजा जा सका। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उसकी तलाश के लिए 6 पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
बेल्ट नहीं होने से अधूरी रह गई फोरेंसिक जांच
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर पोस्टमॉर्टम के दौरान बेल्ट मौजूद होती तो कई महत्वपूर्ण जांच की जा सकती थीं। यह पता लगाया जा सकता था कि फांसी उसी बेल्ट से लगाई गई थी या नहीं।साथ ही यह भी जांच हो सकती थी कि गर्दन पर बने निशान बेल्ट से मेल खाते हैं या नहीं। बेल्ट पर डीएनए या दूसरे जैविक सबूत भी मिल सकते थे, जिससे जांच और मजबूत हो सकती थी।
मीडिया के सामने रो पड़ीं ट्विशा की सास
अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद समर्थ सिंह की मां और पूर्व जज गिरीबाला सिंह पहली बार मीडिया के सामने आईं। बातचीत के दौरान वह भावुक हो गईं और रोने लगीं।उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने अपनी इच्छा से गर्भपात कराया था और इसके बाद वह अवसाद में रहने लगी थी। गिरीबाला सिंह ने कहा कि वह रोज कई घंटे कंज्यूमर फोरम में काम करती हैं और उनका बेटा समर्थ भी कोर्ट में प्रैक्टिस करता है, इसलिए ट्विशा अक्सर घर में अकेली रहती थी।
उनका कहना था कि उन्होंने कई बार ट्विशा की मां रेखा से भोपाल आकर बेटी के साथ रहने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं आईं। केवल एक बार वह बेटे के साथ भोपाल आई थीं, जब ट्विशा नाराज होकर मायके चली गई थी।
ट्विशा खुद शादी का प्रस्ताव लेकर आई थी”
गिरीबाला सिंह ने बताया कि पिछले साल ट्विशा पहली बार उनके घर आई थी। उनके अनुसार, ट्विशा ने खुद समर्थ से शादी की इच्छा जताई थी और बताया था कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में ट्विशा और उसका परिवार संस्कारी लगा, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि वह केवल ऐसा दिखावा कर रही थी क्योंकि वह पहले से ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ी हुई थी।

सास का दावा- ट्विशा नशे की आदी थी
गिरीबाला सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के करीब एक महीने बाद उन्हें लगा कि ट्विशा किसी नशे की आदी थी। उन्होंने कहा कि उसके हाथ कांपते थे, वह जल्दी चिड़चिड़ी हो जाती थी और अक्सर दिल्ली जाने की जिद करती थी क्योंकि वहां उसे आसानी से गांजा मिल जाता था।हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि परिवार ने उसका साथ दिया, उसकी काउंसलिंग कराई और नशे की आदत छुड़ाने की कोशिश की।
गिरीबाला सिंह ने आरोप लगाया कि ट्विशा अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा अपने माता-पिता पर खर्च करती थी। उन्होंने कहा कि ट्विशा को जीते जी सुकून नहीं मिला और अब मौत के बाद भी उसके परिजन शव को रोककर मामले से सहानुभूति और फायदा लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका परिवार देश सेवा से जुड़ा हुआ है। उनके एक बेटे एयरफोर्स में विंग कमांडर हैं जबकि दूसरा क्रिमिनल लॉयर है। उन्होंने बताया कि उनके पति देश सेवा के दौरान शहीद हुए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि ट्विशा का परिवार कोर्ट में आर्मी के लोगों के साथ पहुंचकर उन्हें डराने की कोशिश करता है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जिस एजेंसी से जांच कराए या दोबारा पोस्टमॉर्टम करवाए, उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।
Actress Twisha Sharma Death: ट्विशा की भाभी ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
ट्विशा की भाभी राशि ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्विशा ने कई बार बताया था कि उसकी जेठानी को भी दहेज के लिए परेशान किया गया था। इसी वजह से वह घर छोड़कर चली गई थी और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था।
राशि के मुताबिक, ट्विशा अनचाही प्रेग्नेंसी की वजह से गर्भपात कराना चाहती थी और यह उसका व्यक्तिगत अधिकार था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल में उसे ताने दिए जाते थे कि वह बच्चा क्यों नहीं पैदा कर रही और बच्चा कहीं किसी और का तो नहीं है।
उनका कहना है कि इसी तरह की बातों से परेशान होकर परिवार की बड़ी बहू भी घर छोड़ चुकी थी।राशि ने कहा कि ट्विशा को हर समय नीचा दिखाने की कोशिश की जाती थी। लगातार मानसिक दबाव और तानों की वजह से वह डिप्रेशन में चली गई थी।उन्होंने दावा किया कि ट्विशा की मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी।








