Home » राष्ट्रीय » Agniveers के लिए बड़ी राहत, 4 साल बाद भी मिल सकती है नौकरी; सेना ने मांगा रिटेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव

Agniveers के लिए बड़ी राहत, 4 साल बाद भी मिल सकती है नौकरी; सेना ने मांगा रिटेंशन बढ़ाने का प्रस्ताव

Agniveers News : 4 साल की वर्दी के बाद क्या होगा, ये सवाल हर अग्निवीर के मन में था। अब उस सवाल का जवाब बदल सकता है। अग्निपथ स्कीम के तहत भर्ती हुए पहले बैच के जवान इस साल के अंत तक अपनी सेवा पूरी कर लेंगे। और ठीक उसी समय सेना, नौसेना और वायुसेना ने सरकार से एक बड़ी मांग कर दी है। अभी तक नियम के हिसाब से 4 साल पूरे होने के बाद सिर्फ 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही स्थायी किया जा सकता था। बाकी को सेवा छोड़नी पड़ती थी।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय नौसेना 75 प्रतिशत तक अग्निवीरों को रोकने का प्रस्ताव दे सकती है। वहीं थल सेना और वायुसेना भी रिटेंशन को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर करीब 50 प्रतिशत करने की मांग कर सकती हैं।

Agniveers के लिए बड़ी राहत

मतलब अब हर दो में से एक अग्निवीर को परमानेंट होने का मौका मिल सकता है। इसकी एक बड़ी वजह है अनुभव। 2023 में ट्रेनिंग शुरू करने वाले ये अग्निवीर अब अनुभवी हो चुके हैं। पिछले 4 साल में इन्होंने कई ऑपरेशन में हिस्सा लिया है। नई टेक्नोलॉजी और हथियारों को चलाना सीख लिया है। सेना का मानना है कि इतने ट्रेंड जवानों को जाने देना देश की सुरक्षा के लिए ठीक नहीं होगा। इसीलिए नई बनी भैरव बटालियन में भी ज्यादा रिटेंड अग्निवीर रखे जाने की संभावना है।

पहले भी उठी थी बात

ये पहली बार नहीं है। पहले भी रिटेंशन बढ़ाने का एक प्रस्ताव DMA को भेजा गया था। तब उसे दोबारा जांच के लिए वापस कर दिया गया था। अब अग्निवीरों का पहला बैच तैयार है और सेना खुद उन्हें रोकना चाहती है। इसलिए ये मांग फिर से उठी है। अगर सरकार इस प्रस्ताव को मान लेती है तो हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। 4 साल बाद नौकरी का डर खत्म होगा। मेरिट के आधार पर ज्यादा जवानों को फौज में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। आधिकारिक तौर पर 25 प्रतिशत का नियम ही लागू है। सरकार का फैसला आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। तब तक अग्निवीर अपनी ड्यूटी भी निभाएंगे और इस अच्छी खबर का इंतजार भी करेंगे।

Read More : CM योगी की अपील, चैंपियन एक दिन में नहीं बनते; बच्चों को खेलों से जोड़ने का किया आग्रह

Wrtten By : Mansi Sharma