Air India Pilot Dope Test: एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट से जुड़े मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, विमान के मेन पायलट का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। रिपोर्ट के अनुसार, जांच में मारिजुआना यानी गांजा के सेवन की बात सामने आई है। यह मामला 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के AI-2379 विमान से जुड़ा है। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान के दौरान विमान को तेज हवा के कारण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिसके बाद विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट कम हो गई। इस घटना में करीब 13 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हुए थे।
Air India Pilot Dope Test: उड़ान के बाद पायलट का हुआ था डोप टेस्ट-
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में विमान के उतरने के बाद पायलट का डोप टेस्ट किया गया था, जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। इसके कुछ समय बाद उनका दूसरा टेस्ट भी किया गया, जिसका परिणाम भी पॉजिटिव बताया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार, दोनों टेस्ट में मारिजुआना के सेवन के संकेत मिले हैं। हालांकि, पूरे मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
Air India Pilot Dope Test: टर्बुलेंस के दौरान पायलट सीट पर नहीं थे-
मामले से जुड़ी रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि जब टर्बुलेंस के बाद विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट कम हुई, उस समय मेन पायलट अपनी सीट पर मौजूद नहीं थे। विमान का नियंत्रण को-पायलट के हाथ में था। हालांकि, विमान में आई इस स्थिति की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसमें पायलट की लापरवाही, तकनीकी खराबी या हाइड्रोलिक सिस्टम से जुड़ी समस्या समेत कई संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
AAIB कर रहा पूरे मामले की जांच-
सिविल एविएशन मंत्रालय ने बताया कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मंत्रालय के अनुसार, जांच एजेंसी तकनीकी, ऑपरेशनल, मेडिकल और ह्यूमन-फैक्टर से जुड़े सभी सबूतों को व्यवस्थित तरीके से इकट्ठा और सुरक्षित कर रही है। जांच में विमान और उसके सिस्टम, फ्लाइट डेटा, ऑपरेशनल और मेंटेनेंस रिकॉर्ड, मेडिकल जानकारी और संबंधित लोगों से बातचीत को शामिल किया गया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी उपलब्ध सबूतों की पूरी तरह जांच की जाएगी।
यह भी पढ़े- भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का ऐलान, दिल्ली में होंगे तीन मुकाबले








