Home » उत्तर प्रदेश » नोएडा एयरपोर्ट पहुँचना हुआ आसान: Ola-Uber, रोडवेज और कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी

नोएडा एयरपोर्ट पहुँचना हुआ आसान: Ola-Uber, रोडवेज और कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी

बस, टैक्सी और ई-बस से आसान सफर

Airport Connectivity: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक लोगों की यात्रा आसान बनाने के लिए कई राज्यों ने बसों के रूट तय कर दिए हैं। इन रूटों पर 14 और 15 जून से बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।

यात्रियों की सुविधा के लिए उबर, ओला और रैपिडो जैसी ऐप-आधारित टैक्सी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा महिंद्रा लॉजिस्टिक्स के साथ इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा के लिए भी समझौता किया गया है, जिससे लोगों को पर्यावरण के अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा। एयरपोर्ट आने और वहां से अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों को आने-जाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि बस और टैक्सी जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

नोएडा एयरपोर्ट से चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल तक सीधी कनेक्टिविटी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए अलग-अलग राज्यों ने बस सेवाओं की तैयारी की है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) कश्मीरी गेट, सराय काले खां, आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख बस स्टैंडों से बसें चलाएगा। ये बसें दिल्ली के कई इलाकों को कवर करते हुए एयरपोर्ट तक पहुंचेंगी।

वहीं, उत्तराखंड परिवहन निगम देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी से रोडवेज बसों का संचालन करेगा। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज भी चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल से एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

Airport Connectivity: बस, टैक्सी और ई-बस से आसान सफर
बस, टैक्सी और ई-बस से आसान सफर

Airport Connectivity: यात्रियों की मांग बढ़ने पर बढ़ाई जाएंगी बसों की संख्या

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम भी प्रदेश के प्रमुख शहरों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा से एयरपोर्ट तक लोगों की आवाजाही आसान बनाने के लिए ई-बसें चलाई जाएंगी।

शुरुआत में बसों का संचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने और मांग के अनुसार भविष्य में बसों की संख्या और उनके संचालन का समय बढ़ाया जा सकता है।

एयरपोर्ट तक सीधी सड़क कनेक्टिविटी सिर्फ यमुना एक्सप्रेसवे से

दिल्ली-एनसीआर, आगरा और मथुरा समेत कई शहरों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे ही सबसे सीधा रास्ता है। दिल्ली की ओर से आने वाले यात्री जीरो प्वाइंट से करीब 32 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद लिंक इंटरचेंज के जरिए सीधे एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।

वहीं, मथुरा और आगरा की तरफ से आने वाले यात्रियों को जेवर टोल प्लाजा पार करने के बाद लिंक इंटरचेंज से होकर एयरपोर्ट तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि जीरो प्वाइंट से एयरपोर्ट तक आने-जाने वाले वाहनों से यमुना एक्सप्रेसवे कोई अतिरिक्त टोल शुल्क नहीं लेगा।

बस, टैक्सी और ई-बस से आसान सफर
बस, टैक्सी और ई-बस से आसान सफर

नोएडा एयरपोर्ट से प्रमुख शहरों की दूरी

शहर अनुमानित दूरी (किमी में) अनुमानित यात्रा समय
ग्रेटर नोएडा लगभग 40 30 से 40 मिनट
नोएडा (सिटी सेंटर) लगभग 60 50 से 60 मिनट
दिल्ली लगभग 70 – 98 70 से 130 मिनट
गुरुग्राम लगभग 90 80 से 90 मिनट
फरीदाबाद लगभग 55 70 से 90 मिनट
गाजियाबाद लगभग 73 90 से 110 मिनट
आगरा लगभग 140 90 से 130 मिनट
मथुरा लगभग 90 75 से 90 मिनट
अलीगढ़ लगभग 45 45 से 60 मिनट
बुलंदशहर लगभग 53 50 से 60 मिनट

एयरपोर्ट पर मिलेगी फास्ट चार्जिंग की सुविधा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए चलाई जाने वाली ई-बसों की चार्जिंग की व्यवस्था एयरपोर्ट पर की गई है। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे पर भी कई स्थानों पर चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। एयरपोर्ट के लिए 35 ई-बसों का संचालन 15 जून से पहले शुरू होने की संभावना है।

बसों के संचालन में चार्जिंग की कोई परेशानी न हो, इसके लिए एयरपोर्ट पर 20 चार्जिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर फास्ट चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे बसें करीब 30 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकेंगी।

इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे पर 16 किलोमीटर, 35 किलोमीटर और मथुरा के पास 107 किलोमीटर प्वाइंट समेत चार जगहों पर भी चार्जिंग की व्यवस्था की गई है। इससे ई-बसों के संचालन को और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। 

Written by- Rishika Srivastva

ये भी पढ़ें…खाड़ी में बढ़ा तनाव: होर्मुज को लेकर अमेरिका-ईरान आमने-सामने, केशम द्वीप पर 6 हवाई हमलों का दावा