Home » धर्म » बाबा अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ: पहली आरती के साथ गूंजा बाबा बर्फानी का दरबार, LG सिन्हा बोले- यात्रा होगी सुरक्षित और यादगार

बाबा अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ: पहली आरती के साथ गूंजा बाबा बर्फानी का दरबार, LG सिन्हा बोले- यात्रा होगी सुरक्षित और यादगार

Amarnath Yatra 2026:

Amarnath Yatra 2026: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार सुबह बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में प्रथम पूजा-अर्चना कर 2026 की अमरनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बाबा बर्फानी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की प्रार्थना की।

Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा-

उपराज्यपाल ने बताया कि 57 दिनों तक चलने वाली बाबा अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। श्रद्धालु इस वर्ष भी पारंपरिक पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से यात्रा कर सकेंगे।

Amarnath Yatra 2026: LG सिन्हा बोले- श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव-

मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षा बल, स्थानीय समुदाय, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक यात्रा के सफल संचालन के लिए पूरी समन्वय भावना से काम कर रहे हैं। सभी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

यात्रा मार्गों पर बढ़ाई गईं सुविधाएं-

उपराज्यपाल ने बताया कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के दोनों मार्गों पर आधारभूत ढांचे को और मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार किए गए हैं। उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील भी की।

प्रथम पूजा में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद-

प्रथम पूजा के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मंदीप कुमार भंडारी, कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग, कश्मीर के आईजी पुलिस वीके बिरदी सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े- जनता दर्शन में राजस्व मामलों में देरी पर CM योगी का बड़ा निर्देश, बोले- देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में दिलाएं न्याय