Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस घटना को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं, अयोध्या पुलिस और SIT की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। इस बीच गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोपियों ने चोरी की पूरी योजना, सभी की जिम्मेदारियां और वारदात को अंजाम देने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया है।
पहले से बनती थी चोरी की योजना
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी मिलकर संगठित तरीके से चढ़ावे की चोरी करते थे। ड्यूटी पर जाने से पहले ही हर व्यक्ति का काम तय कर दिया जाता था। सुबह फोन पर पूरी योजना बनाई जाती थी कि कौन नोट निकालेगा, कौन कैमरे के सामने खड़ा रहेगा और कौन बाकी काम संभालेगा।जांच में मिले CCTV फुटेज भी आरोपियों के बयानों की पुष्टि करते हैं। फुटेज में कई बार अविनाश और मनीष नोटों को सीधा करने के बहाने उन्हें अपने कपड़ों में छिपाते हुए दिखाई दिए। वहीं, अनुकल्प, करुणेश, लवकुश और अन्य आरोपी चोरी के दौरान कैमरे के सामने खड़े होकर रिकॉर्डिंग को प्रभावित करने की कोशिश करते नजर आए।

करीब 70 बार कैमरे में दिखी चोरी
जांच के अनुसार, चोरी की गई रकम सभी आरोपियों में बराबर बांटी जाती थी, लेकिन कई बार अविनाश सबसे बड़ा हिस्सा अपने पास रख लेता था। SIT की रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी लगभग 70 बार CCTV कैमरों में चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं।रिपोर्ट के मुताबिक, अविनाश और मनीष सबसे अधिक बार चोरी करते हुए कैमरे में रिकॉर्ड हुए हैं। वहीं, पुलिस को यह भी शक है कि जिन CCTV फुटेज को डिलीट किया गया, उसके पीछे आरोपियों की कंट्रोल रूम तक पहुंच हो सकती है।
टिन्नू और सुभाष से होगी पूछताछ
CCTV फुटेज में कई बार सुभाष श्रीवास्तव और टिन्नू यादव भी चोरी के दौरान वहां मौजूद दिखाई दिए हैं। इसलिए पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करना चाहती है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या उन्हें चोरी की जानकारी थी और इस पूरे संगठित अपराध में उनकी क्या भूमिका थी।पुलिस रिमांड की अर्जी पर 14 जुलाई को सुनवाई होनी है। बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब तक पुलिस 8 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट में भी होगी सुनवाई
इस मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है। दाखिल जनहित याचिकाओं में मामले की CBI जांच कराने और मंदिर के वित्तीय लेन-देन का ऑडिट कराने की मांग की गई है।वहीं, चढ़ावा चोरी मामले की जांच को अंतिम रूप देने के लिए SIT की टीम भी सोमवार को अयोध्या पहुंचेगी और आगे की कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़े…पटना में कोचिंग मारपीट मामले में खान सर को मिली अग्रिम जमानत, दोनों बॉडीगार्ड्स को भी राहत







