Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। अयोध्या पुलिस ने इस मामले में शिकायतकर्ता और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बयान दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह पूछताछ नहीं बल्कि बयान दर्ज करने की प्रक्रिया है। किसी भी मामले में गवाहों के बयान भी दर्ज किए जाते हैं।पुलिस के अनुसार, इस मामले में करीब 140 लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। चंपत राय का बयान दर्ज हो चुका है, जबकि अनिल मिश्रा और गोपाल राव का बयान अभी दर्ज नहीं किया गया है।
चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को जारी हो सकता है नोटिस
इससे पहले यूपी पुलिस के सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि अयोध्या पुलिस इस मामले में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा को नोटिस जारी कर सकती है। एसआईटी ने जिस तरह मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की थी, उसी प्रक्रिया के तहत अयोध्या पुलिस भी संबंधित लोगों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज कर सकती है।पुलिस का उद्देश्य जांच को आगे बढ़ाकर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाना है, ताकि जांच को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाया जा सके।

Ayodhya Ram Mandir: ट्रस्ट से जुड़े कई लोगों के बयान होंगे दर्ज
चंपत राय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव रह चुके हैं। वहीं, अनिल मिश्रा ट्रस्ट के पूर्व ट्रस्टी हैं और गोपाल राव भी ट्रस्ट से जुड़े हुए हैं।इनके अलावा ट्रस्ट से जुड़े अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे। इसमें दान की गिनती करने वाले कर्मचारी, दान राशि को बैंक तक पहुंचाने वाले लोग, बैंक कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं।
इस मामले में अयोध्या पुलिस ने रविवार को 10 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई करीब 6 से 8 घंटे तक चली। छापेमारी के बाद कई आरोपियों के परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।पुलिस को इस कार्रवाई के दौरान कुछ नकदी, गहने, रजिस्ट्री एग्रीमेंट, बैंक पासबुक और ज्वेलरी के बिल मिले हैं। इसके अलावा जांच में कई आरोपियों की नई संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है।पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपियों ने अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर कई संपत्तियां खरीदी हैं। इन संपत्तियों को लेकर भी जांच जारी है।
आठ आरोपियों की कोर्ट में पेशी
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस इन आरोपियों को रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी। पुलिस का दावा है कि आठों आरोपियों के घरों में हुई छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।वहीं, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जल्द सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि फिलहाल इस मामले में तुरंत सुनवाई की आवश्यकता नहीं है।सुप्रीम कोर्ट ने मामले को छुट्टियों के बाद नियमित बेंच के सामने सूचीबद्ध करने का आदेश दिया है।याचिका में मांग की गई है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चंदे की कथित हेराफेरी की जांच कोर्ट की निगरानी में सीबीआई की एसआईटी से कराई जाए।
यह भी पढ़ें… प्री-वेडिंग शूट के बहाने निकले थे सिया और केतन, सफर के बीच ड्राइवर ने खोले कई राज








