Azam Khan Protest: आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों को लेकर अब दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी है। आजम खान के समर्थकों ने रविवार, 30 अगस्त को जंतर-मंतर पर तीन घंटे के सांकेतिक धरने का ऐलान किया है।सोशल मीडिया पर साझा की जा रही पोस्ट के मुताबिक, प्रदर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। समर्थकों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की गई है।
Azam Khan Protest: इंसाफ और लोकतांत्रिक मूल्यों के नाम पर प्रदर्शन-
प्रदर्शन को लेकर ‘आजम खान अनऑफिशियल’, ‘अब्दुल्ला आजम फैन्स पेज’ और पूर्व सपा विधायक अरशद खान से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स से पोस्ट साझा की गई हैं। इन पोस्ट में कहा गया है कि प्रदर्शन का उद्देश्य किसी तरह का टकराव पैदा करना नहीं है। इसे इंसाफ, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों की आवाज को मजबूती देने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने की बात कही गई है।
Azam Khan Protest: क्यों गरमाया है जौहर यूनिवर्सिटी का मामला-
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर हाल के दिनों में विवाद बढ़ा है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने यूनिवर्सिटी परिसर में बिना नक्शा पास कराए बनाई गई 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। हालांकि, बाद में मंडलायुक्त ने इस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी। इसके बावजूद यूनिवर्सिटी से जुड़ा विवाद खत्म नहीं हुआ है। छात्र और आजम खान के समर्थक कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहे हैं।
जेल में क्यों हैं आजम खान और अब्दुल्ला-
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र और दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा काट रहे हैं। अब्दुल्ला आजम के खिलाफ कम उम्र में गलत दस्तावेजों के आधार पर स्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा दोनों के खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं।
तीन घंटे चलेगा सांकेतिक धरना-
प्रदर्शन के लिए तय कार्यक्रम के अनुसार समर्थक 30 अगस्त को सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पर जुटेंगे और दोपहर 1 बजे तक धरना-प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों की ओर से इसे शांतिपूर्ण और सांकेतिक आंदोलन बताया गया है।
यह भी पढ़े- यूपी टी20 लीग में अनुशासन का डंडा, अभिषेक गोस्वामी सस्पेंड








