Bad Touch Allegation: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में बायोलॉजी के एक शिक्षक पर छात्राओं से ‘बैड टच’ करने और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद बुधवार को एसडीएम अनुभा जैन विद्यालय पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बयान दर्ज कराए।
अभिभावकों ने लगाए गंभीर आरोप
एक अभिभावक ने बताया कि उनकी दो बेटियां स्कूल में पढ़ती हैं और बायोलॉजी शिक्षक सुनील दधीचि छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉपी पर कवर नहीं होने पर शिक्षक आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहते हैं, “जैसे कॉपी पर कवर नहीं है, वैसे ही तुम्हारे भी कपड़े उतरवा दिए जाएंगे।”
Bad Touch Allegation: पढ़ाने के तरीके पर भी उठे सवाल
कुछ अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक पढ़ाई के दौरान बोर्ड पर महिला और पुरुष के चित्र बनाते हैं। उनके अनुसार पुरुष का चित्र कपड़ों सहित बनाया जाता है, जबकि महिला का चित्र बिना कपड़ों के बनाया जाता है। आरोप है कि शिक्षक कहते हैं कि उन्हें महिला के चित्र पर कपड़े बनाना नहीं आता, जिसके बाद छात्राओं से ही चित्र पर कपड़े बनवाए जाते हैं।
Bad Touch Allegation: शिक्षक ने आरोपों को बताया निराधार
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बायोलॉजी शिक्षक सुनील दधीचि ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और रंजिश से प्रेरित बताया। उनका कहना है कि उन्हें जानबूझकर फंसाने की कोशिश की जा रही है और उन्होंने किसी भी छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार नहीं किया।
एसडीएम ने की जांच, बच्चों से भी की बातचीत
एसडीएम अनुभा जैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर विद्यालय पहुंचकर अभिभावकों और छात्रों से बातचीत की गई है। कई बच्चों ने भी शिक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोपों का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
“खबर इंडिया ने इस पूरे मामले पर विद्यालय के प्राचार्य का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया।”
यह भी पढे़ : भारत पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा सकता है अमेरिका रूसी तेल खरीदने वालों पर बड़ी कार्रवाई के योग








