Home » उत्तर प्रदेश » बागपत में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरा कैंटर पलटा, 12 की मौत

बागपत में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरा कैंटर पलटा, 12 की मौत

Baghpat Canter Accident:

Baghpat Canter Accident: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरा कैंटर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कैंटर में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे।

Baghpat Canter Accident: डिवाइडर से टकराने के बाद पलटा कैंटर-

हादसा देर रात करीब 1 बजे बागपत जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बासी और बाडा गांवों के बीच हुआ। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा कैंटर पहले डिवाइडर से टकराया और इसके बाद पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

Baghpat Canter Accident: इलाज के दौरान 6 और लोगों की मौत-

एक डॉक्टर के मुताबिक, हादसे के बाद 22 घायल यात्रियों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से 18 घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान छह और लोगों की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। एसएसपी सूरज राय ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में मुन्नी देवी (55), सुगदपाल (40), साधु (60), रामेश्वर यादव (60), प्रेमसिंह (40) और 7 वर्षीय जितेंद्र समेत अन्य लोग शामिल हैं। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के वक्त सो रहे थे ज्यादातर यात्री-

घायल यात्री कुंवरपाल ने बताया कि हादसे के वक्त ज्यादातर श्रद्धालु सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगा और कैंटर पलट गया। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। कुंवरपाल के मुताबिक, ड्राइवर ने दावा किया था कि पीछे से आ रही किसी दूसरी गाड़ी ने कैंटर को टक्कर मारी थी। हालांकि, पुलिस अभी हादसे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।

डीएम और एसपी ने अस्पताल का किया दौरा-

हादसे के बाद जिला मजिस्ट्रेट अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर और तत्काल इलाज के निर्देश दिए हैं।

बागड़ धाम से लौट रहे थे श्रद्धालु-

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का यह समूह राजस्थान के बागड़ धाम में दर्शन करने के बाद बदायूं लौट रहा था। बागड़ धाम को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी के नाम से भी जाना जाता है। यह धार्मिक स्थल लोकदेवता जाहरवीर बाबा गोगाजी महाराज की आस्था से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि गोगाजी को बहादुरी और सांप के काटने से रक्षा करने वाले लोकदेवता के रूप में पूजा जाता है। भाद्रपद महीने में लगने वाले गोगामेड़ी मेले के दौरान राजस्थान समेत कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।पुलिस हादसे की वजह और पीछे से किसी वाहन की टक्कर के दावे की भी जांच कर रही है

यह भी पढ़े- पुणे में MPSC के खिलाफ छात्रों का आक्रोश, हजारों युवाओं ने निकाला मोर्चा