Home » राष्ट्रीय » बांकीपुर उपचुनाव में हाई-प्रोफाइल मुकाबला, पवन सिंह-मनोज तिवारी मैदान में; प्रशांत किशोर का चाय बैठकों पर जोर

बांकीपुर उपचुनाव में हाई-प्रोफाइल मुकाबला, पवन सिंह-मनोज तिवारी मैदान में; प्रशांत किशोर का चाय बैठकों पर जोर

Bankipur By Election

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान से छह दिन पहले चुनावी मुकाबला हाई-प्रोफाइल हो गया है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भोजपुरी फिल्म अभिनेता और एमएलसी पवन सिंह तथा सांसद मनोज तिवारी शुक्रवार को अलग-अलग इलाकों में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर चाय बैठकों और मोहल्ला बैठकों के जरिए मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। दूसरी ओर, आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता अपने दम पर चुनाव प्रचार की कमान संभाल रही हैं।

पवन सिंह और मनोज तिवारी करेंगे पांच जनसभाएं

मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी के स्टार प्रचारक पवन सिंह और मनोज तिवारी कुल पांच चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इनमें पवन सिंह तीन और मनोज तिवारी दो जनसभाएं करेंगे। भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा इन सभी कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे। भाजपा को उम्मीद है कि दोनों लोकप्रिय चेहरों की मौजूदगी से पार्टी के पक्ष में माहौल और मजबूत होगा।

Bankipur By Election: प्रशांत किशोर का चाय और मोहल्ला बैठकों पर फोकस

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी बांकीपुर में लगातार सक्रिय हैं। वह बड़े मंचों के बजाय चाय बैठकों, मोहल्ला बैठकों और छोटे जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। उनका प्रयास स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं की समस्याओं को लेकर सीधे संपर्क के माध्यम से जनसमर्थन जुटाना है। प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट का मुकाबला काफी चर्चा में आ गया है।

तेजस्वी यादव प्रचार से बाहर, आरजेडी प्रत्याशी संभाल रहीं मोर्चा

आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता भी चुनाव प्रचार में जुटी हैं। हालांकि, पार्टी नेता तेजस्वी यादव के शहर से बाहर होने के कारण वह फिलहाल प्रचार अभियान में शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में रेखा गुप्ता अपने स्तर पर मतदाताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगी हैं। आरजेडी के मैदान में होने से मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है।

Bankipur By Election: भाजपा के गढ़ में प्रशांत किशोर की चुनौती

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। शहरी मध्यम वर्ग, व्यापारी, पेशेवर और शिक्षित मतदाताओं के समर्थन के चलते भाजपा यहां करीब चार दशक से लगातार जीत दर्ज करती आ रही है। हालांकि, इस बार प्रशांत किशोर की मौजूदगी और आरजेडी प्रत्याशी के मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह उपचुनाव अब केवल एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि भाजपा और प्रशांत किशोर दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। खास बात यह है कि बांकीपुर के चुनावी इतिहास में पहली बार फिल्मी सितारे प्रचार के लिए मैदान में उतर रहे हैं, जिससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें…दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ दिग्विजय चौटाला का बड़ा आंदोलन