Bengal Election Voting: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान आज बुधवार, 29 अप्रैल को कई इलाकों से तनाव, हिंसा और ईवीएम खराबी की खबरें सामने आईं, जिससे चुनावी माहौल प्रभावित हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी रहा, हालांकि कुछ जगहों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
ईवीएम मशीन में खराबी होने की खबर
हावड़ा जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र में स्थित डॉन बॉस्को लिलुआ सोहन लाल विद्यालय के मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन में खराबी आने से मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। इससे नाराज़ मतदाताओं ने हंगामा किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जानकारी के अनुसार, बूथ संख्या 152, 153 और 154 पर भी तकनीकी गड़बड़ियों और विवाद की घटनाएं सामने आईं। वहीं मध्य हावड़ा के जैन विद्यालय स्थित बूथ संख्या 131 पर भी ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली।
पश्चिम बंगाल इलेक्शन Update –
यह लोग कह रहे थे कि EVM में गड़बड़ी है। पैरा मिलिट्री फोर्स ऐसे 2 युवकों को टांगकर ले गई। https://t.co/wCjYCGHDv7 pic.twitter.com/rTIoztAdbs— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 29, 2026
स्थिति को संभालने के लिए तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों ने हल्का लाठीचार्ज किया। हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक पर बूथ को बाधित करने का आरोप है। प्रशासन ने दावा किया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है।
बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से कड़ी टक्कर
वहीं दूसरी तरफ तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 123 पर मतदान देर से शुरू होने के कारण मतदाताओं में नाराज़गी देखी गई। कई लोग सुबह 6 बजे से कतार में खड़े थे, लेकिन ईवीएम में लगातार खराबी के चलते मतदान शुरू नहीं हो सका। बाद में तकनीकी टीम द्वारा मशीन की जांच के बाद प्रक्रिया शुरू की गई। इस बूथ पर 800 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। पूर्वी बर्धमान जिले के भाटा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 173 और 175 पर भी ईवीएम खराब होने की वजह से मतदान में देरी हुई, जिससे मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस बीच, कोलकाता की एंटली सीट से बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की एक पोलिंग बूथ पर अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि बूथ छोटा होने के कारण उनके पोलिंग एजेंट को बाहर भेज दिया गया था, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। इस दौरान टीएमसी के एजेंट भी बहस में शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों पक्षों को बूथ से बाहर कर दिया गया। चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण के लिए कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस चरण में कई प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है, जिनमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हैं, जो भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी से कड़ी टक्कर मिल रही है।
ये भी पढ़े… राफेल भी तैनात कर देते… बंगाल में मतदान के बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज








