Bengal Rajya Sabha: भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार इन सीटों के लिए 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ होगी।
Bengal Rajya Sabha: तीन नेताओं के इस्तीफे से खाली हुईं सीटें-
ये तीनों सीटें राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्यों सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई हैं। इन्हीं सीटों को भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कराने का फैसला लिया है।
Bengal Rajya Sabha: हर सीट के लिए अलग होगी चुनाव प्रक्रिया-
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि तीनों सीटों पर चुनाव कार्यक्रम एक जैसा रहेगा, लेकिन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और दिल्ली हाई कोर्ट के फैसलों के अनुरूप प्रत्येक रिक्ति को अलग माना जाएगा। इसलिए हर सीट के लिए अलग अधिसूचना जारी होगी और स्वतंत्र रूप से मतदान कराया जाएगा।
बैंगनी स्केच पेन का ही होगा इस्तेमाल-
चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग ने निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराया गया विशेष बैंगनी स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी अन्य पेन का उपयोग मान्य नहीं होगा।
विशेष पर्यवेक्षकों की रहेगी नजर-
उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करेगा। बंगाल की राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए इन तीनों सीटों का उपचुनाव काफी अहम और प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़े- ISRO की आंखों ने पकड़ा मानसून का मॉन्स्टर, अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए भारी; फटाफट चेक करें अपडेट








