Bengal widow Pension Scam: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के लालगोला इलाके में विधवा पेंशन से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि लालगोला ब्लॉक के पंडितपुर बगानपाड़ा निवासी रेहेना बीबी की विधवा पेंशन पिछले 39 महीनों से उनके बैंक खाते में आने के बजाय उसी इलाके के निवासी जहांगीर आलम के बैंक खाते में जमा होती रही।
Bengal widow Pension Scam: करीब 40 हजार रुपये दूसरे खाते में पहुंचे-
रेहेना बीबी के परिजनों का दावा है कि अब तक लगभग ₹40,000 की पेंशन राशि जहांगीर आलम के खाते में चली गई। रेहेना मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उनके पति की मृत्यु के बाद परिवार ने विधवा पेंशन के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद उन्हें एक बार भी पेंशन की राशि नहीं मिली।
Bengal widow Pension Scam: बीडीओ कार्यालय में खुला पूरा मामला-
जब परिवार के सदस्य संबंधित बीडीओ कार्यालय पहुंचे, तब उन्हें जानकारी मिली कि पेंशन की राशि रेहेना बीबी के बजाय जहांगीर आलम के बैंक खाते में भेजी जा रही थी। इसके बाद परिवार ने पूरे मामले पर गंभीर सवाल उठाए।
पहले भी की गई थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई-
परिजनों का आरोप है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की थी, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
नई सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग-
बंगाल में नई सरकार बनने के बाद परिजनों ने दोबारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने रेहेना बीबी को तत्काल विधवा पेंशन का लाभ दिलाने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग उठाई है।
लक्ष्मी भंडार योजना पर भी उठ चुके हैं सवाल-
गौरतलब है कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना में भी वित्तीय अनियमितताओं के कई मामले सामने आ चुके हैं। जांच के दौरान कुछ पुरुषों को महिलाओं के लिए संचालित इस योजना का लाभ मिलने की शिकायतें भी सामने आई थीं।








