Bengal Next CM: पश्चिम बंगाल की सियासत में 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ खड़ा हुआ है कि आखिर बीजेपी की जीत का शिल्पकार कहे जाने वाले सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री की कुर्सी मिलेगी या नहीं? पार्टी ने 207 सीटें जीतकर 15 साल पुरानी ममता सरकार को उखाड़ फेंका है. सुवेंदु अधिकारी न सिर्फ सबसे बड़े नेता के रूप में उभरे हैं, बल्कि उन्होंने खुद ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर से 15,000 से ज्यादा वोटों से हराकर पूरी पार्टी का चेहरा बनने का दावा ठोक दिया है. तो क्या सुवेंदु को मेहनत का फल मीठा मिलेगा?
टीएमसी से बीजेपी तक का सफर
दिसंबर 2020 में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुवेंदु अधिकारी ने बेहद कम समय में पार्टी के भीतर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने न केवल 2021 में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराया, बल्कि 2026 में भवानीपुर समेत दो सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
Bengal Next CM: ‘जाइंट किलर’ की छवि और चुनावी दमखम
सुवेंदु अधिकारी को पार्टी में ‘जाइंट किलर’ के रूप में देखा जाता है। उनके नेतृत्व में भाजपा ने बंगाल में 3 सीटों से बढ़कर 77 और फिर 207 सीटों तक का सफर तय किया। यह उछाल उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे बड़ा दावेदार बनाता है।
केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा
चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का उनके साथ खुला समर्थन दिखा। पार्टी के भीतर भी विधायक और कार्यकर्ता उनके पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई है। पार्टी संगठन पर सुवेंदु की मजबूत पकड़ है. 2021 की हार के बाद जब बीजेपी का संगठन बिखर रहा था और चुनाव बाद हिंसा में कार्यकर्ता डरे हुए थे, तब सुवेंदु ने अकेले मोर्चा संभाला था और पार्टी को प्रदेश भर में नए सिरे से खड़ा करने का काम किया.
Bengal Next CM: क्यों मजबूत है उनकी दावेदारी?
सुवेंदु के पक्ष में कई अहम फैक्टर हैं ,ममता बनर्जी को उनके गढ़ में हराना, संगठन पर मजबूत पकड़, और टीएमसी के अंदरूनी ढांचे की गहरी समझ। यही वजह है कि उन्हें बंगाल में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा माना जा रहा है।
क्या हो सकती है अंदरूनी खींचतान?
हालांकि भाजपा के भीतर अन्य नेताओं जैसे दिलीप धोष, शमिक भट्टाचार्य और अग्निमित्रा पॉल के नाम भी चर्चा में हैं। पार्टी का इतिहास बताता है कि अंतिम समय में नेतृत्व चौंकाने वाला फैसला ले सकता है, जिससे सस्पेंस बना हुआ है।
Bengal Next CM: विधायक दल की बैठक पर टिकी नजर
भाजपा विधायक दल की बैठक 8 मई को प्रस्तावित है, जिसमें नेता का चयन किया जाएगा। इस बैठक में अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके बाद 9 मई को संभावित शपथ ग्रहण से पहले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। फिलहाल, सभी संकेत सुवेंदु अधिकारी की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन भाजपा की रणनीतिक शैली को देखते हुए आखिरी फैसला आने तक सस्पेंस बना रहना तय है।
ये भी पढ़े… ‘AI भी कर रहा भेदभाव?’ CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, गरीबों के प्रति बायस पर उठे सवाल








