Bengaluru News: बेंगलुरु के कोडिहल्ली इलाके में एक 22 वर्षीय लॉ छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने छात्रा के पूर्व प्रेमी और उसके छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। गुरुवार को अधिकारियों ने घटना की जानकारी दी।
लॉ की पढ़ाई के साथ करती थी नौकरी
मृतक छात्रा की पहचान अमृता (22) के रूप में हुई है। वह लॉ की पढ़ाई कर रही थी और एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, इससे पहले वह एक पिज्जा आउटलेट में भी नौकरी कर चुकी थी। यह घटना 13 जुलाई को शाम करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच जीवन बीमा नगर पुलिस थाना क्षेत्र में उसके घर के पास हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि अमृता और धनुष एक ही इलाके में रहते थे और पिछले करीब चार साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों परिवारों की पहचान ‘ओम शक्ति’ नामक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी।
सच्चाई पता चलने पर खत्म किया रिश्ता
जांच अधिकारियों के मुताबिक, अमृता ने धनुष से रिश्ता तब खत्म कर दिया था, जब उसे पता चला कि धनुष पहले से शादीशुदा था, उसका तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी है। पुलिस फिलहाल आरोपी की वैवाहिक स्थिति से जुड़ी इस जानकारी की पुष्टि कर रही है।पुलिस के अनुसार, रिश्ता खत्म होने के बाद भी धनुष अमृता का पीछा करता रहा। आरोप है कि जब अमृता ने उसके दोबारा साथ रहने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो उसने उसे धमकियां भी दीं।

बहस के दौरान हुआ चाकू से हमला
13 जुलाई को धनुष अपने छोटे भाई सूर्या के साथ अमृता के घर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर बहस हुई। आरोप है कि इसी दौरान सूर्या ने अमृता पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। खून से लथपथ हालत में वह सड़क पर गिर पड़ी। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो दिनों तक उसका इलाज किया। इलाज के दौरान 15 जुलाई की शाम उसकी मौत हो गई।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हमले के बाद सूर्या मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।जीवन बीमा नगर पुलिस ने सूर्या और धनुष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।पुलिस उपायुक्त (पूर्व) विक्रम अमाथे ने बताया कि आरोपी की वैवाहिक स्थिति को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसकी भी जांच और पुष्टि की जा रही है।








