Home » Breaking News » भिंड हादसे से दहले CM योगी, मृतकों के परिवारों के लिए किया 2-2 लाख रुपये का ऐलान

भिंड हादसे से दहले CM योगी, मृतकों के परिवारों के लिए किया 2-2 लाख रुपये का ऐलान

Bhind Accidents: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के आठ मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गायों के झुंड को बचाने में अनियंत्रित हुई पिकअप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा गोहद क्षेत्र के छीमका गांव के पास रात करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

Bhind Accidents: धान की रोपाई का काम पूरा कर लौट रहे थे मजदूर

पुलिस के मुताबिक, पिकअप में सवार सभी मजदूर लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे। वे ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने आए थे। काम पूरा होने के बाद मजदूर पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास यह हादसा हो गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने आठ मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मृतकों के शव मोर्चरी में रखे गए हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। प्रशासन ने मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकारी आपसी समन्वय से राहत एवं उपचार की व्यवस्था में जुटे हैं।

ये भी पढ़े… जिन पर उठे थे सबसे ज्यादा सवाल, SIT की फाइनल रिपोर्ट में नाम तक नहीं! चंपत राय-अनिल मिश्रा को बड़ी राहत