Bhopal CNG Truck Accident: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर इलाके में शनिवार रात करीब 2:20 बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक सीएनजी टैंकर अनियंत्रित होकर एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इस दर्दनाक घटना में घर में सो रही 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, ड्राइवर फरार
पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है, लेकिन घटना के बाद से उसका चालक फरार है। बताया जा रहा है कि टैंकर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह सीधे रिहायशी इलाके में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के समय पूरा मोहल्ला गहरी नींद में था। अचानक जोरदार धमाके और चीख-पुकार से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की।

टैंकर के पहिए के नीचे फंसी रही बच्ची
जानकारी के अनुसार, बच्ची करीब एक घंटे तक टैंकर के पहिए के नीचे फंसी रही। बाद में पुलिस की मौजूदगी में उसके शव को बाहर निकाला गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में गहरा आक्रोश और दुख फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर और निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को एंबुलेंस से पीपुल्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। साथ ही वाहन की तकनीकी जांच भी की जा रही है।

स्थानीय लोगों की मांग: सख्त कार्रवाई और मुआवजा
इलाके के लोगों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। यह घटना एक बार फिर रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Bhopal CNG Truck Accident: मृतक और घायलों की पहचान
एसीपी अक्षय चौधरी ने बताया कि हादसे में 7 साल की बच्ची खुशी गेहार की मौत हो गई है। वहीं उसके पिता मोनू गेहार, मां मनीषा गेहार, भाई आरुष और तूटे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ, गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, भक्तों में उमड़ा आस्था का सैलाब








