Bihar Boat Accident: बिहार के बाढ़ इलाके से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है। बाढ़ के मशहूर उमानाथ गंगा घाट पर बुधवार सुबह एक बड़ा नाव हादसा हो गया। दियारा क्षेत्र की ओर जा रही एक नाव अचानक गंगा नदी में डूब गई। नाव पर कुल 14 लोग सवार बताए जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, 2 लोगों की मौत हो चुकी है और उनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं। अभी भी 5 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बीच नदी में अचानक पलटी नाव
बताया जा रहा है कि सुबह तड़के लोग उमानाथ गंगा घाट से नाव के जरिए दियारा इलाके की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी के बीच में नाव अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग नदी में गिर गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 2 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
Bihar Boat Accident: प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। बाढ़ की SDO गरिमा लोहिया और SDPO रामकृष्ण अपनी टीम के साथ उमानाथ गंगा घाट पहुंचे और मौके पर कैंप कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और राहत-बचाव टीमों की मदद से गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी तेजी से की जा रही है।

घाट पर जुटी भारी भीड़
हादसे के बाद उमानाथ गंगा घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। वहीं, लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातम और चिंता का माहौल बना हुआ है।प्रशासन लोगों से शांत रहने की अपील कर रहा है और बचाव कार्य को तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें…मद्रास हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: बकरीद पर गाय और बछड़े के वध पर सख्त रोक का आदेश







