Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » बिहार में 45,748 एकड़ भूमि का अधिग्रहण, 15 अगस्त को भूमिहीनों को मिलेगी जमीन; 909 नए पुलों को भी मंजूरी

बिहार में 45,748 एकड़ भूमि का अधिग्रहण, 15 अगस्त को भूमिहीनों को मिलेगी जमीन; 909 नए पुलों को भी मंजूरी

Bihar Land Acquisition:

Bihar Land Acquisition: बिहार सरकार ने राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए अब तक 45,748 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण कर लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सोमवार को कहा कि जमीन की कमी के कारण अब कोई भी विकास परियोजना प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए भूमि की उपलब्धता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Bihar Land Acquisition: भूमि अधिग्रहण पर 30 हजार करोड़ रुपये का मुआवजा-

मंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बदले अब तक करीब 30 हजार करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। राज्य के 24 जिलों में विभिन्न विभागों और परियोजनाओं के लिए भूमि का अधिग्रहण किया गया है।

Bihar Land Acquisition: इन परियोजनाओं के लिए उपलब्ध कराई गई जमीन-

सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), NHAI, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH), एक्सप्रेसवे, रेलवे, पथ निर्माण विभाग, एसएसबी, जल संसाधन विभाग, विभिन्न हवाई अड्डों तथा मधुबनी, सुपौल और कटिहार में व्यवहार न्यायालय जैसी परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराई है।

Bihar Land Acquisition: 15 अगस्त को भूमिहीन परिवारों को मिलेगी जमीन-

डॉ. जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार 15 अगस्त को भूमिहीन परिवारों के बीच आवास के लिए जमीन का वितरण करेगी। सरकार की सभी भूमिहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तहत ‘अभियान बसेरा-3’ भी चलाया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में बनेंगे 909 नए पुल-

ग्रामीण कार्य विभाग ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत राज्य में 909 नए पुलों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। विभाग ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निविदा और एकरारनामा की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।

672 पुलों के निर्माण का हो चुका है एकरारनामा-

स्वीकृत 909 पुलों में से 672 पुलों के निर्माण का एकरारनामा किया जा चुका है। इन पुलों की कुल लंबाई 35,075 मीटर होगी।

इन जिलों को मिला सबसे अधिक लाभ-

पुल निर्माण के लिए पूर्वी चंपारण जिले में सबसे अधिक 76 पुलों को मंजूरी मिली है, जिनमें से 59 का एकरारनामा हो चुका है। इसके अलावा दरभंगा (53), सीतामढ़ी (43), मधुबनी (42) और गया (38) जिलों में भी बड़ी संख्या में पुलों की स्वीकृति दी गई है, जिससे ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

कई जिलों में निर्माण कार्य पूरा, अन्य में जारी-

राज्य में अब तक 1,410 मीटर लंबाई के पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। सीवान, पूर्णिया और रोहतास जिलों में बने पुलों से यातायात सुगम हो गया है। वहीं शेखपुरा, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, गोपालगंज समेत अन्य जिलों में पुल निर्माण का कार्य तेजी से जारी है।

यह भी पढ़े- तीस्ता परियोजना पर भारत की चिंता के बीच चीन का बड़ा बयान, बांग्लादेश को दिया समर्थन