Home » राष्ट्रीय » बीजेपी ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, नितिन नवीन-सम्राट चौधरी समेत बड़े चेहरे मैदान में

बीजेपी ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, नितिन नवीन-सम्राट चौधरी समेत बड़े चेहरे मैदान में

Bihar News

Bihar News: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने मंगलवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया कि वह इस सीट पर पूरी ताकत झोंकने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ नेता, सांसद और लोकप्रिय कलाकारों समेत कई बड़े चेहरे बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी का उद्देश्य व्यापक जनसंपर्क अभियान के जरिए मतदाताओं तक अपनी पहुंच मजबूत करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे अगुवाई

बीजेपी द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम शामिल है। उनके बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी और मंगल पांडेय जैसे वरिष्ठ नेता भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Bihar News: मनोज तिवारी, पवन सिंह और मैथिली ठाकुर भी संभालेंगे प्रचार की कमान

बीजेपी ने इस बार चुनाव प्रचार में लोकप्रिय चेहरों को भी शामिल किया है। सांसद और अभिनेता-गायक मनोज तिवारी, भोजपुरी स्टार पवन सिंह और पहली बार विधायक बनीं लोकगायिका मैथिली ठाकुर भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। इनके अलावा दिलीप जायसवाल, अश्विनी कुमार चौबे, विजय कुमार सिन्हा, प्रमोद चंद्रवंशी, जीवेश कुमार, जनक राम, रामकृपाल यादव, मिथिलेश तिवारी, केदार प्रसाद गुप्ता, रेणु देवी, संजीव चौरसिया, शिला प्रजापति, कृष्ण कुमार, संजय गुप्ता, रत्नेश कुमार, मनोज शर्मा, सीता साहू, रेशमी चंद्रवंशी, आनंद मिश्रा, सरोज रंजन पटेल, बलराम मंडल, सुषमा साहू और रूप नारायण मेहता भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।

नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में होगा व्यापक जनसंपर्क अभियान

बीजेपी ने बांकीपुर उपचुनाव में अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर प्रचार अभियान की रणनीति बनाई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और सांस्कृतिक जगत से जुड़े चेहरे भी विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं, रोड शो और मतदाता संवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इससे चुनावी माहौल को और अधिक गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Bihar News: अभिषेक कुमार बंटी ने भी किया पूरा समर्थन देने का ऐलान

बांकीपुर सीट से पहले बीजेपी ने अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। अब उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करने की घोषणा की है। अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि वह एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनता के बीच जाएंगे और पार्टी संगठन की ओर से सौंपी गई हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने मतदाताओं से भी बीजेपी प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें…सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना पर क्यों लगाया 3 लाख का जुर्माना?