Bihar News: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। हालांकि, उनके इस फैसले पर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बिहार सरकार के मंत्री मिथलेश तिवारी और जदयू नेता राजीव रंजन ने प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इस चुनाव से राजनीतिक समीकरणों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
मंत्री मिथलेश तिवारी ने साधा निशाना
बिहार सरकार के मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा कि प्रशांत किशोर पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं और यदि वे दोबारा मैदान में उतरते हैं, तो इससे कोई विशेष फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी और गठबंधन का उम्मीदवार जीत दर्ज करेगा। उनके मुताबिक, इस सीट पर एनडीए की पकड़ मजबूत बनी हुई है।
जदयू का दावा- राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी गलती
जदयू नेता राजीव रंजन ने भी प्रशांत किशोर के फैसले पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ना उनके राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी गलती साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर के लिए अपनी जमानत बचाना भी चुनौती बन सकता है। राजीव रंजन ने कहा कि बांकीपुर लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है और यहां विपक्ष कभी मजबूत चुनौती नहीं दे पाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार इस बार भी एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगा।
जन सुराज ने घोषित की उम्मीदवारी
जन सुराज पार्टी के बिहार अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं, प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि जनता उन्हें विधानसभा भेजती है, तो वे अकेले विधायक होकर भी बाकी 242 विधायकों पर भारी पड़ेंगे और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
Bihar News: 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और बाद में राज्यसभा भेजे जाने के कारण खाली हुई थी। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशांत किशोर की एंट्री से यह उपचुनाव अब बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बन गया है।
Written by- Rashmi Sharma
यह भी पढ़े…पैरेंटिंग कोच से जानें बच्चों के झूठ बोलने की वजह: घर का माहौल बनाएं भरोसे वाला








